WPL Auction 2026: बुंदेलखंड की क्रांति गौड़ पर हुई पैसों की बरसात, यूपी वॉरियर्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा
WPL Auction 2026: महिला प्रीमियर लीग (WPL) के आगामी सत्र के लिए हुई मेगा नीलामी में फ्रेंचाजियों ने खिलाड़ियों पर खूब पैसा लुटाया।

WPL Auction 2026: महिला प्रीमियर लीग (WPL) के आगामी सत्र के लिए हुई मेगा नीलामी में फ्रेंचाजियों ने खिलाड़ियों पर खूब पैसा लुटाया। वहीं इस साल की सबसे महंगी खिलाड़ी भारत की दीप्ति शर्मा रहीं। यूपी ने ताबड़ताड़ पैसों की बरसात कर दीप्ति को टीम में शामिल किया। ऑक्शन में दीप्ति शर्मा की बोली 50 लाख से शुरू होकर 3.2 करोड़ तक पहुंची। दिल्ली कैपिटल्स सबसे ऊंची बोली पर थीं, लेकिन यूपी वॉरियर्स ने RTM का इस्तेमाल कर उन्हें वापस टीम में शामिल कर लिया। इसके साथ ही मध्यप्रदेश बुंदेलखंड की क्रांति गौड़ पर भी पैसों की बरसात हुई।
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 की नीलामी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ को यूपी वॉरियर्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा है। इस खिलाड़ी ने अपना बेस प्राइस भी 50 लाख रुपये तय किया था। वह WPL में यूपी वॉरियर्स (UPW) के लिए पहले भी खेल चुकी हैं। क्रांति हाल ही में वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम की सदस्य थी। उन्होंने साल 2025 में भारतीय टीम के लिए अपना पहला टी-20 मैच खेला था।
ऐसा रहा है क्रांति का टी-20 करियर
क्रांति भारत के लिए अब तक सिर्फ 1 टी-20 मुकाबला खेल पाईं हैं। इस दौरान वह एक भी विकेट लेने में सफल नहीं हो पाईं। WPL में इस खिलाड़ी ने 8 मुकाबले खेले हैं और इसकी 8 पारियों में 34.66 की औसत से 6 विकेट लेने में सफल रहीं हैं। उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल भी लिया है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/25 का रहा है। क्रांति घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश के लिए खेलती हैं।



