दमोह: आमजन के कार्यों का समय पर और पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के लिए दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने विभिन्न शासकीय कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की अनुपस्थिति और कार्यप्रणाली में अनियमितताएं सामने आईं। जिला आयुष अधिकारी कार्यालय और जिला आयुष अस्पताल में 9 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। वहीं, महिला एवं बाल विकास कार्यालय में भी 9 कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए। कमला नेहरू महिला महाविद्यालय में भी कर्मचारियों और प्राध्यापकों की अनुपस्थिति का मामला सामने आया। कलेक्टर ने अनुपस्थित कर्मचारियों का तीन-तीन दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जिला आयुष अधिकारी और अस्पताल प्रभारी का पूरे महीने का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला आयुष कार्यालय में 9 कर्मचारी अनुपस्थित, अधिकारी का वेतन रोका
निरीक्षण के दौरान जिला आयुष अधिकारी कार्यालय एवं जिला आयुष अस्पताल में कुल 9 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का तीन-तीन दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जिला आयुष अधिकारी द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों की मॉनिटरिंग और सुपरविजन में लापरवाही बरती गई है। बार-बार निर्देश देने के बावजूद कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की गई। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिला आयुष अधिकारी का पूरे माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल खुलने से पहले ही दर्ज मिली ओपीडी
जिला आयुष अस्पताल के निरीक्षण के दौरान एक और गंभीर अनियमितता सामने आई। अस्पताल के ओपीडी रजिस्टर में अस्पताल खुलने से पहले ही मरीजों की ओपीडी दर्ज पाई गई। कलेक्टर ने इस संबंध में रजिस्टर की फोटोकॉपी भी कराई।
उन्होंने इसे गंभीर और आपत्तिजनक मामला बताते हुए अस्पताल प्रभारी आरएमओ डॉ. बृजेश कुलपारिया का भी पूरे महीने का वेतन रोकने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अस्पताल खुलने से पहले चिकित्सकों की उपस्थिति और ओपीडी की प्रविष्टियां दर्ज होना गंभीर अनियमितता है।
महिला एवं बाल विकास कार्यालय में भी 9 कर्मचारी गैरहाजिर
कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास कार्यालय का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां भी 9 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सभी का तीन-तीन दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला स्तरीय अधिकारी प्रशिक्षण में शामिल होने गए थे, लेकिन उनके द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति की समुचित मॉनिटरिंग नहीं की गई। इस मामले में संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
कमला नेहरू महिला महाविद्यालय में भी मिली गड़बड़ी
निरीक्षण के दौरान कमला नेहरू महिला महाविद्यालय में भी उपस्थिति व्यवस्था की जांच की गई। सुबह 10:30 बजे निरीक्षण के दौरान दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। हालांकि, प्राध्यापकों का निर्धारित समय सुबह 11 बजे से बताया गया।
इसके अलावा तीन प्राध्यापक और तीन अतिथि विद्वान निरीक्षण के दौरान मौके पर अनुपस्थित पाए गए, जबकि सार्थक ऐप पर उनकी उपस्थिति दर्ज थी। कलेक्टर ने इस स्थिति को संदेहास्पद मानते हुए संबंधितों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उनके जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
समय पर कार्यालय पहुंचें अधिकारी-कर्मचारी: कलेक्टर
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने और आमजन के कार्यों का संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि शासन की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं और वेतन उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना चाहिए। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आमजन को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी और असुविधा का सामना न करना पड़े तथा उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।
