खैरागढ़: मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ के बाजारों में पहुंचाई जा रही 1500 किलो संदिग्ध पनीर की बड़ी खेप पुलिस ने जब्त की है। भोपाल से रायपुर जा रही महिंद्रा पिकअप को खैरागढ़ जिले के साल्हेवारा चेकपोस्ट पर रोककर जांच की गई, तो वाहन में 30 कार्टून पनीर भरा मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग की शुरुआती जांच में पनीर के एनालॉग होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, पनीर की वास्तविक गुणवत्ता का खुलासा प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
चेकपोस्ट पर जांच के दौरान पकड़ी गई पनीर की खेप
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 7 बजे साल्हेवारा थाना के सामने स्थित चेकपोस्ट पर पुलिस नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान भोपाल से रायपुर की ओर जा रही महिंद्रा पिकअप क्रमांक MP 04 WC 8384 को संदेह के आधार पर रोका गया।
पूछताछ के दौरान वाहन चालक शिशुपाल ने बताया कि पिकअप में पनीर भरा हुआ है, जिसे भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से रायपुर ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को इसकी सूचना दी और वाहन को जिला मुख्यालय लाकर जांच कराई।
50-50 किलो के 30 कार्टून में मिला पनीर
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 50-50 किलो के 30 कार्टून मिले। इस तरह कुल 1500 किलो पनीर की खेप बरामद हुई। चालक के अनुसार, पनीर की यह खेप रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान पर पहुंचाई जानी थी। जांच के दौरान चालक पनीर की शुद्धता और गुणवत्ता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद खाद्य विभाग ने पनीर की गुणवत्ता की जांच की प्रक्रिया शुरू की।
खाद्य विभाग को एनालॉग पनीर होने की आशंका
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे ने बताया कि पनीर की शुद्धता से संबंधित दस्तावेज नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया यह एनालॉग पनीर प्रतीत हो रहा है। खाद्य विभाग ने पनीर के विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की वास्तविक गुणवत्ता स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लैब रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
इस कार्रवाई के बाद मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ पहुंचाई जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आखिर 1500 किलो पनीर किस गुणवत्ता का था? क्या यह सामान्य पनीर था या एनालॉग पनीर? बिना गुणवत्ता संबंधी दस्तावेजों के इतनी बड़ी खेप बाजार तक कैसे पहुंचाई जा रही थी? फिलहाल इन सभी सवालों के जवाब खाद्य विभाग की जांच और प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेंगे।
