Rahul Gandhi on Pakistan: अमेरिका के इलिनोइस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पाकिस्तान के साथ बातचीत और आतंकवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय बातचीत की संभावना पर पूछे गए सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि जब तक पाकिस्तान भारत में आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं करता, तब तक बातचीत संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि खून और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। बातचीत का रास्ता तभी खुल सकता है, जब पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद करे।

इस दौरान राहुल गांधी ने भारत और इजरायल के संबंधों पर भी अपनी राय रखी। साथ ही गाजा के मुद्दे पर भी अपनी बात कही। वहीं, राहुल गांधी के बयान और विदेश नीति को लेकर की गई टिप्पणियों पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी को पाकिस्तान का ‘फैन बॉय’ बताते हुए उन पर निशाना साधा।

बातचीत से पहले पाकिस्तान को रोकना होगा आतंकवाद

राहुल गांधी ने पाकिस्तान के साथ बातचीत की संभावनाओं को पूरी तरह खारिज नहीं किया, लेकिन इसके लिए आतंकवाद पर रोक लगाने की शर्त रखी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से भारत के भीतर आतंकवाद को समर्थन और बढ़ावा देना सबसे बड़ी समस्या है। ऐसी स्थिति में बातचीत करना स्वीकार्य नहीं हो सकता।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत के लिए यह संभव नहीं है कि एक तरफ निर्दोष लोगों की जान जाती रहे और दूसरी तरफ पाकिस्तान के साथ बातचीत भी चलती रहे। जिस दिन पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद को समर्थन देना बंद हो जाएगा, उस दिन बातचीत की संभावना बन सकती है।

‘खून और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते’

पाकिस्तान के साथ वार्ता को लेकर राहुल गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत की गुंजाइश है, लेकिन इसके लिए आतंकवाद का रास्ता बंद होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत में आतंकवादी गतिविधियां जारी रहने के दौरान पाकिस्तान के साथ सामान्य बातचीत नहीं हो सकती। उनके इस बयान को पाकिस्तान के प्रति भारत की पारंपरिक आतंकवाद विरोधी नीति के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।

पाकिस्तान को लेकर राहुल के बयान पर BJP का हमला

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी को ‘पाकिस्तान का फैन बॉय’ बताते हुए उन पर निशाना साधा। उन्होंने शिकागो यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी की विदेश नीति को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए।

दरअसल, राहुल गांधी ने अपने संबोधन के दौरान केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा था कि वैश्विक चर्चाओं में भारत की भूमिका और अधिक सक्रिय होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने चिंता जताई थी कि अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत की भूमिका अब पहले जैसी प्रभावशाली नहीं रह गई है।

ईरान-अमेरिका बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका का भी किया जिक्र

शिकागो यूनिवर्सिटी में चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका का भी उल्लेख किया था। इसी मुद्दे को लेकर बीजेपी ने उन पर निशाना साधा।

प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि राहुल गांधी को पाकिस्तान से इतना लगाव क्यों है? हर वैश्विक मंच पर वह ऐसे व्यवहार करते हैं, जैसे पाकिस्तान के बहुत बड़े प्रशंसक हों। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेश नीति के मामले में राहुल गांधी पाकिस्तान को अपना आदर्श मान रहे हैं।

‘भारत की उपलब्धियों की तारीफ क्यों नहीं करते राहुल गांधी?’

प्रदीप भंडारी ने आगे कहा कि पाकिस्तान के प्रति राहुल गांधी का लगाव उन्हें भारत की उपलब्धियों को देखने से रोक रहा है। उन्होंने दावा किया कि भारत ने शांति प्रयासों के जरिए रूस और यूक्रेन दोनों की सराहना हासिल की है। इसके अलावा ईरान ने भी होर्मुज स्ट्रेट में प्रतिबंधों से भारत को छूट दी है।

बीजेपी प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की इन उपलब्धियों की चर्चा क्यों नहीं करते। इस तरह अमेरिका में राहुल गांधी के बयान के बाद पाकिस्तान, आतंकवाद और भारत की विदेश नीति को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है।