भोपाल: कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) में दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया के साथ अपने आत्मीय और राजनीतिक संबंधों को याद किया है। सोनिया गांधी ने माधवराव सिंधिया को अपना सच्चा हितैषी बताते हुए लिखा है कि उनके शुरुआती राजनीतिक सफर में सिंधिया सबसे बड़ा सहारा थे। कठिन परिस्थितियों में वे हमेशा एक चट्टान की तरह उनके साथ खड़े रहे।

संसद के शुरुआती दिनों में बढ़ाया था हौसला

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में वर्ष 1999 के दौर का जिक्र करते हुए लिखा है कि जब वे पहली बार चुनाव जीतकर संसद पहुंचीं और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, तब संसदीय राजनीति उनके लिए बिल्कुल नई थी। उस समय वे कई बार असहज और अनिश्चित महसूस करती थीं।

सोनिया गांधी के मुताबिक, माधवराव सिंधिया उनकी घबराहट और असहजता को तुरंत पहचान लेते थे। ऐसे मौकों पर वे उन्हें संबल देते थे और एक मार्गदर्शक की तरह उनका हौसला बढ़ाते थे। उन्होंने लिखा कि माधवराव सिंधिया मुश्किल समय में हमेशा उनके साथ खड़े रहे।

राजीव गांधी और माधवराव सिंधिया के बीच थी गहरी दोस्ती

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और माधवराव सिंधिया के बीच गहरी दोस्ती थी। दोनों नेताओं के संबंध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक स्तर तक भी थे। राजीव गांधी के निधन के बाद भी गांधी परिवार और माधवराव सिंधिया के बीच आत्मीयता और दोस्ताना संबंध बने रहे। सोनिया गांधी के राजनीति में सक्रिय होने के बाद माधवराव सिंधिया ने एक वरिष्ठ सहयोगी और मित्र के रूप में उन्हें पूरा सहयोग दिया। सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में इसी साथ और भरोसे को भावनात्मक अंदाज में याद किया है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस में आने पर भी मिला अपनत्व

माधवराव सिंधिया के निधन के बाद उनके बेटे ज्योतिरादित्य सिंधिया के राजनीतिक भविष्य को लेकर कई तरह की चर्चाएं थीं। माना जा रहा था कि वे अपनी दादी राजमाता विजयाराजे सिंधिया की पार्टी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया।

उस समय सोनिया गांधी के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया की मुलाकात की तस्वीरें काफी चर्चा में रही थीं। बाद में डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में ज्योतिरादित्य सिंधिया को राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। सोनिया गांधी की आत्मकथा में माधवराव सिंधिया को लेकर किया गया यह भावुक जिक्र गांधी परिवार और सिंधिया परिवार के बीच रहे पुराने आत्मीय संबंधों की याद दिलाता है।