नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया पर किए जा रहे उन दावों को खारिज किया है, जिनमें 2024 के लोकसभा और अलग-अलग राज्यों के विधानसभा चुनावों में डाले गए वोटों और गिने गए वोटों के बीच बड़े अंतर का आरोप लगाया गया था। आयोग ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए अपने आधिकारिक इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्ट के आंकड़े सार्वजनिक किए हैं। ये दावे मुख्य रूप से महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों को लेकर सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे थे।
मुंबई नॉर्थ में 7.78 लाख वोट नहीं गिने जाने का दावा गलत
महाराष्ट्र के मुंबई नॉर्थ लोकसभा क्षेत्र को लेकर दावा किया गया था कि यहां 18.11 लाख वोट डाले गए, लेकिन केवल 10.33 लाख वोटों की गिनती हुई। इस आधार पर 7.78 लाख वोटों की गिनती नहीं होने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, चुनाव आयोग के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, इस सीट पर कुल 18,12,115 मतदाता थे। इनमें से 10,36,496 मतदाताओं ने मतदान किया था। इसमें 10,33,268 ईवीएम वोट और 3,228 पोस्टल बैलेट शामिल थे।
जितने वोट डाले गए, उनकी हुई गिनती
चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार, 765 टेस्ट वोट और कंट्रोल यूनिट से संबंधित निर्धारित कटौतियों के बाद 10,35,731 वोटों की गिनती हुई। इस सीट पर मतदान प्रतिशत 57.20 फीसदी रहा था। आयोग ने स्पष्ट किया कि करीब 7.75 लाख का अंतर उन मतदाताओं का है, जिन्होंने मतदान ही नहीं किया था। ये ऐसे वोट नहीं थे, जिनकी गिनती नहीं की गई।
श्रीनगर लोकसभा सीट पर अतिरिक्त वोट गिनने का दावा भी गलत
जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर लोकसभा सीट को लेकर दावा किया गया था कि यहां 6,66,046 मत डाले गए, जबकि 6,72,942 वोटों की गिनती हुई। इस तरह 6,896 अतिरिक्त वोट गिने जाने का आरोप लगाया गया था।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यहां कुल 17,48,803 मतदाता थे और 6,76,408 वोट डाले गए थे। इनमें 6,72,942 ईवीएम वोट और 3,466 पोस्टल बैलेट शामिल थे। 1,009 टेस्ट वोट और अन्य निर्धारित कटौतियों के बाद कुल 6,75,399 वोटों की गिनती हुई। यहां मतदान प्रतिशत 38.68 फीसदी रहा था। आयोग ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह के अतिरिक्त वोटों की गिनती नहीं हुई।
बीड विधानसभा सीट पर 1.45 लाख वोट गायब होने का आरोप गलत
महाराष्ट्र की बीड विधानसभा सीट को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया था कि यहां 3.84 लाख वोट डाले गए, लेकिन केवल 2.39 लाख वोटों की गिनती हुई। इस आधार पर 1.45 लाख वोट गायब होने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, यहां कुल 3,84,885 मतदाता थे और 2,42,983 वोट डाले गए थे। इनमें 2,38,845 ईवीएम वोट और 4,138 पोस्टल बैलेट शामिल थे। कुल 2,42,983 वोटों की ही गिनती हुई थी। इस सीट पर मतदान प्रतिशत 63.13 फीसदी रहा। चुनाव आयोग के मुताबिक, करीब 1.42 लाख मतदाताओं ने मतदान नहीं किया था।
दहाणु विधानसभा सीट पर भी सभी डाले गए वोटों की हुई गिनती
महाराष्ट्र की दहाणु विधानसभा सीट को लेकर भी दावा किया गया था कि यहां 3.01 लाख वोट डाले गए, लेकिन केवल 2.21 लाख वोटों की गिनती हुई। चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस सीट पर कुल 3,01,257 मतदाता थे और 2,21,818 वोट डाले गए थे। इन सभी वोटों की गिनती हुई थी। यहां मतदान प्रतिशत 73.63 फीसदी रहा। करीब 79 हजार का अंतर उन मतदाताओं का था, जिन्होंने मतदान नहीं किया था।
7 राज्यों के मतदाताओं को मिलेगा एक और मौका
इस बीच, चुनाव आयोग उन मतदाताओं को एक और मौका देने जा रहा है, जो 7 राज्यों में मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। आयोग की ओर से उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर दिया जाएगा।
