नई दिल्ली: मणिपुर चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से जारी पदाधिकारियों की सूची विवादों में घिर गई है। पार्टी की प्रदेश चुनाव अभियान समिति में कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को जगह दिए जाने पर बीजेपी ने सवाल उठाए हैं। बिमोल अकोइजम पर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की 11 छात्राओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इन आरोपों की जांच के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें बर्खास्त कर दिया था। अब कांग्रेस की चुनाव समिति में उन्हें जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर बीजेपी ने पार्टी नेतृत्व, खासकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है।
महिला सम्मान पर कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर: स्मृति ईरानी
पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ और ‘Smash the Patriarchy’ जैसे नारे देने वाली कांग्रेस का महिला सम्मान के प्रति असली चेहरा एक बार फिर सामने आया है।
ईरानी ने आरोप लगाया कि JNU की 11 छात्राओं द्वारा कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए जाने के बावजूद उन्हें मणिपुर प्रदेश चुनाव समिति में अहम जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है और महिलाओं की गरिमा उसके लिए केवल चुनावी नारा बनकर रह गई है।
क्या हैं अंगोमचा बिमोल पर आरोप?
अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर JNU में प्रोफेसर रहते हुए छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे। बताया गया है कि विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच में शिकायतों को सही पाया गया था। इसके बाद JNU प्रशासन ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 अक्टूबर को उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया था।
दिल्ली पुलिस ने भी की थी पूछताछ
मामले में 12 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की थी। इसके बाद कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उनसे वसंत कुंज थाने में पूछताछ की गई थी। वहीं, बीजेपी की महिला सांसदों ने भी इस मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत कर कांग्रेस सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मणिपुर चुनाव के लिए कांग्रेस की समिति में बिमोल अकोइजम को शामिल किए जाने के बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक विवाद का विषय बन गया है।
