MP Panna News: पन्ना: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के मड़ला घाट पर लगने वाले भीषण जाम से राहगीरों को जल्द राहत मिलने वाली है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए नवागत पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ ने जेके सीमेंट फैक्ट्री के सहयोग से 24×7 एक्शन प्लान लागू किया है। इसके तहत संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल, प्रशिक्षित वालंटियर्स, पेट्रोलिंग वाहन और क्रेन की व्यवस्था की गई है, ताकि वाहन खराब होने या जाम लगने की स्थिति में तत्काल रास्ता खुलवाया जा सके।
एसपी सव्यसाची सराफ ने मड़ला घाट के भैरो टेक मंदिर से भारत पेट्रोलियम और लक्ष्मण पुलिया से चौकी मोड़ तक के करीब चार किलोमीटर के संवेदनशील हिस्से को चिन्हित किया है। इन क्षेत्रों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक पीक आवर्स के दौरान विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं, जेके सीमेंट की ओर से चार से पांच प्रशिक्षित मार्शल वालंटियर्स और पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। किसी वाहन के खराब होने या जाम की स्थिति में क्रेन की मदद से तत्काल वाहन हटाकर यातायात बहाल किया जाएगा।
शेडो एरिया में वॉकी-टॉकी से होगी निगरानी
मड़ला घाट के नेटवर्क विहीन शेडो एरिया में संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए वॉकी-टॉकी नेटवर्क सक्रिय किया गया है। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित किए गए हैं, ताकि किसी आपात स्थिति में राहगीर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।
पुलिस जवानों को दी गई विशेष ट्रेनिंग
यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिस जवानों और वालंटियर्स को आम जनता के साथ विनम्र व्यवहार करने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही उन्हें रेडियम रिफ्लेक्टिव जैकेट और आधुनिक टॉर्च जैसी सुरक्षा सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।
इस नई व्यवस्था का उद्देश्य मड़ला घाट पर लगने वाले लंबे जाम से यात्रियों को राहत दिलाना और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है। अब 24 घंटे पुलिस, वालंटियर्स और क्रेन की मौजूदगी से मड़ला घाट पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की तैयारी की गई है।
