MP Latest News: भोपाल: मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान को लेकर एक महिला के वीडियो ने चर्चा शुरू कर दी है। महिला ने अपना नाम रश्मि नागर सिंह चौहान बताते हुए दावा किया है कि वह पिछले 20 साल से मंत्री के साथ रिश्ते में हैं। महिला ने मंत्री की पत्नी और भाजपा सांसद अनिता चौहान पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। वहीं, मंत्री नागर सिंह चौहान ने महिला से पारिवारिक संबंध होने की बात स्वीकार करते हुए आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है। सांसद अनिता चौहान ने भी आरोपों से इनकार किया है।

वीडियो में रश्मि ने दावा किया कि जब वह 18 साल की थीं, तभी से नागर सिंह चौहान के साथ रिश्ते में हैं। उनका कहना है कि वह बिना किसी पारिवारिक या राजनीतिक दबाव के पूरे होश में अपनी बात रख रही हैं। रश्मि के मुताबिक, मंत्री ने उनके साथ रहने का वादा किया था और इसी भरोसे पर उन्होंने अपनी जिंदगी के 20 साल गुजारे।

अलग घर में रहने की कही बात

रश्मि ने दावा किया कि वह मंत्री के आधिकारिक आवास पर रहने के बजाय अलग घर में रहती थीं और मंत्री के कहे अनुसार काम करती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस रिश्ते के दौरान उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

सांसद अनिता चौहान पर मैसेज भेजने के आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि सांसद अनिता चौहान ने उन्हें और उनके बेटे को गलत संदेश भेजे। रश्मि का दावा है कि इन संदेशों से उनका बेटा इतना परेशान हुआ कि वह परीक्षा देने तक नहीं गया। हालांकि, महिला ने वीडियो में अपने बेटे के पिता के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उन्होंने इस मामले से जुड़ी वॉट्सऐप चैट भी साझा की हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखा पत्र

रश्मि ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी पत्र लिखकर सांसद अनिता चौहान पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मंत्री नागर सिंह चौहान के साथ रहने की इच्छा जताई है। साथ ही, अपने साथ किसी भी तरह की अनहोनी होने पर सांसद अनिता चौहान को जिम्मेदार ठहराने की बात लिखी है।

30 अक्टूबर को मंत्री के घर जाने का दावा

रश्मि ने कहा कि वह शुक्रवार, 30 अक्टूबर को मंत्री के घर जाने वाली हैं। उन्होंने आशंका जताई कि वहां उनके साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए अनिता चौहान और उनका परिवार जिम्मेदार होगा। महिला ने यह भी दावा किया कि सांसद के व्यवहार से मंत्री नागर सिंह चौहान मानसिक रूप से परेशान रहते थे। फिलहाल, महिला के आरोपों और दावों को लेकर मामला चर्चा में है। मंत्री ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है, जबकि सांसद अनिता चौहान ने भी आरोपों से इनकार किया है।