सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। बार-बार नोटिस देने के बावजूद बिल का भुगतान नहीं करने वाले 5 उपभोक्ताओं के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की गई है। इन पर विभाग का करीब 3 लाख 94 हजार रुपये बिजली बिल बकाया है। इस कार्रवाई के बाद अन्य बकायादारों में भी हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग ने संबंधित उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा करने के लिए कई बार नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद भुगतान नहीं किए जाने पर मामला तहसीलदार न्यायालय में पहुंचाया गया। न्यायालय से कुर्की का आदेश मिलने के बाद विभागीय टीम ने पांचों बकायादारों के आवासों और प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर कुर्की संबंधी नोटिस चस्पा किए।

बकाया जमा नहीं किया तो जब्त होगा सामान

विद्युत विभाग ने बकायादारों को अंतिम चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करने पर उनकी चल-अचल संपत्ति और सामान जब्त कर नीलामी की कार्रवाई की जा सकती है। इससे प्राप्त राशि से बिजली बिल के बकाये की भरपाई की जाएगी।

बिजली बिल वसूली के लिए विशेष अभियान

सिंगरौली के शहर अभियंता दिनकर दुबे ने बताया कि बिजली बिल की शत-प्रतिशत वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार सूचना देने के बाद भी बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

समय पर बिल जमा करने की अपील

विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि बकाया राशि का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।