Chhattisgarh Rajya Utsav 2026: रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर और आसपास के लोगों को इस बार भारतीय वायुसेना का रोमांचक एयर शो देखने को मिलेगा। नवा रायपुर के सेंध लेक इलाके में 2 नवंबर को वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने नौ स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के साथ हैरतअंगेज एयरोबेटिक करतब दिखाएगी। पिछले साल राज्योत्सव में सूर्य किरण टीम ने फाइटर जेट के साथ रोमांचक स्टंट दिखाए थे।
इस बार भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम एयर शो में हिस्सा लेगी। टीम भारत में निर्मित एचएएल ध्रुव हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल करती है। शो के दौरान नौ हेलीकॉप्टर एक साथ आसमान में अलग-अलग तरह की कलाबाजियां दिखाएंगे और कई आकर्षक आकृतियां बनाएंगे।
आसमान में बनेगी दिल की आकृति
सारंग टीम के हेलीकॉप्टर शो में क्रॉस ओवर ब्रेक, डॉल्फिन और डबल क्रॉस जैसे एयरोबेटिक करतब दिखाए जाएंगे। इसके साथ ही हेलीकॉप्टर आसमान में दिल की आकृति बनाने सहित कई रोमांचक प्रदर्शन करेंगे। टीम के हेलीकॉप्टरों पर मोर की आकर्षक छवि भी बनी होती है, जो शो को खास पहचान देती है।
राज्योत्सव में अमित शाह और मनसुख मांडविया भी होंगे शामिल
1 नवंबर से शुरू होने वाले राज्योत्सव में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शामिल होंगे। हालांकि, दोनों नेता उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे या समापन समारोह में, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पलक मच्छल और अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति
राज्योत्सव के पहले दिन 1 नवंबर को बॉलीवुड सिंगर पलक मच्छल प्रस्तुति देंगी। वहीं, अंतिम दिन 3 नवंबर को गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ वायुसेना का एयर शो भी प्रमुख आकर्षण रहेगा।
एयर शो के दौरान सुरक्षा और यातायात पर विशेष ध्यान
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को एयर शो के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन सेवाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
रायपुर एयरपोर्ट पर प्रभावित हो सकती हैं उड़ानें
नवा रायपुर में हेलीकॉप्टर शो के चलते रायपुर एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन प्रभावित होने की संभावना है। मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया जा सकता है। इस दौरान विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ प्रभावित हो सकते हैं। इस समयावधि में दिल्ली के लिए कई उड़ानें संचालित होती हैं, ऐसे में यात्रियों को अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी लेकर यात्रा करने की सलाह दी जाती है।
