डबरा: मध्य प्रदेश के डबरा बायपास स्थित NH-44 हाईवे पर RTO की कथित अवैध वसूली और प्रताड़ना से नाराज ट्रक चालकों ने जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर SDOP सौरभ कुमार और थाना प्रभारी संजय शर्मा मौके पर पहुंचे और चालकों को समझाइश दी। करीब एक घंटे बाद जाम खुलने से यातायात बहाल हुआ। मामले की शिकायत परिवहन विभाग तक पहुंचने के बाद आरक्षक बालाजी गुर्जर को निलंबित कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह NH-44 पर RTO वाहन में तैनात आरक्षक बालाजी गुर्जर ने एक ट्रक को रोककर उसके दस्तावेज जांच के लिए लिए। आरोप है कि इस दौरान आरक्षक ने ट्रक चालक से पैसों की मांग की। चालक ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो आरक्षक पर उसका मोबाइल और दस्तावेज लेकर वहां से चले जाने का आरोप लगा।

ट्रक चालकों ने हाईवे पर रोके वाहन

घटना की जानकारी अन्य ट्रक चालकों को मिलने के बाद उन्होंने अपने वाहन रोककर हाईवे जाम कर दिया। इससे हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालकों को समझाइश दी।

मोबाइल और दस्तावेज वापस दिलाए, आरक्षक निलंबित

पुलिस की समझाइश के बाद ट्रक चालकों ने जाम खोल दिया। इस दौरान संबंधित चालक के दस्तावेज और मोबाइल भी वापस दिलाए गए। मामले की जानकारी परिवहन विभाग के अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद परिवहन आयुक्त ने आरक्षक बालाजी गुर्जर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार देर शाम उसे निलंबित कर दिया।