इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में गरबा खेलने के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र के वृंदावन नगर की है। युवक की मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर हंगामा करते हुए युवती और उसके दोस्त पर कार्रवाई की मांग की।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान चिराग सेन के रूप में हुई है। चिराग एक युवती के साथ गरबा खेलने गया था। इसी दौरान युवती के किसी अन्य युवक के साथ गरबा करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। चिराग ने युवती के दूसरे युवक के साथ गरबा करने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

घर पहुंचकर खाया जहरीला पदार्थ

गरबा पंडाल में विवाद के बाद चिराग गुस्से में अपने घर लौट आया। घर पहुंचने के बाद उसने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई और वे उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा

चिराग की मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर हंगामा किया। हाथों में इंसाफ की तख्तियां लेकर परिजन सड़क पर उतर आए, जिससे जाम की स्थिति बन गई। परिजनों ने युवती और उसके दोस्त के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करने की मांग की।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस गरबा पंडाल में मौजूद लोगों और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।