रायपुर। बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने विपक्ष की ओर से सत्ता परिवर्तन को लेकर दिए जा रहे बयानों पर प्रतिक्रिया दी है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें देश को मजबूत नेतृत्व की जरूरत का एहसास कराती हैं। उन्होंने मौजूदा वैश्विक हालात का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को जरूरी बताया।

कंगना रनौत ने कहा कि विपक्ष के सत्ता परिवर्तन से जुड़े बयान देश को यह याद दिलाते हैं कि मजबूत नेतृत्व कितना जरूरी है। उन्होंने फ्रांस में हुई हिंसा और तोड़फोड़ का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा हालात तीसरे विश्व युद्ध की याद दिलाते हैं। उनके मुताबिक, ऐसे समय में भारत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहले से कहीं ज्यादा जरूरत है।

फ्रांस में हुई घटनाओं का किया जिक्र

कंगना ने फ्रांस में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां ऐतिहासिक इमारतों से लेकर दुकानों तक को नुकसान पहुंचाया गया और लूटपाट हुई। उन्होंने कहा कि लोग इन घटनाओं को देख रहे हैं और मौजूदा परिस्थितियों में मजबूत नेतृत्व का महत्व समझ सकते हैं।

कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल हादसे पर जताया दुख

कोलकाता के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना पर कंगना रनौत ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के खुशी भरे माहौल में इस तरह की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

त्योहारों में भारी भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की अपील

कंगना रनौत ने लोगों से अपील की कि वे भारी भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। उन्होंने कहा कि दशहरा और दिवाली सहित कई त्योहार आने वाले हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।