ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मौत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे में 15 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि 25 से अधिक घायलों का इलाज जारी है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। साथ ही हादसे में घायल सभी लोगों का इलाज मुफ्त कराने के निर्देश दिए हैं।

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

सभी घायलों का इलाज मुफ्त कराएगी सरकार

राज्य सरकार हादसे में घायल सभी श्रद्धालुओं के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

दो मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना और मंत्री राकेश शुक्ला को तत्काल ग्वालियर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। दोनों मंत्री मौके पर रहकर राहत कार्यों और घायलों के इलाज की व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं को शांति देने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।