लखनऊ। कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को अग्नि सुरक्षा, प्रवेश-निकास द्वार, बिजली व्यवस्था और इमरजेंसी एग्जिट की जांच करने को कहा है। सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजामों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अग्नि सुरक्षा उपकरणों, प्रवेश और निकास द्वारों तथा बिजली व्यवस्था का निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे अधिकारी
सीएम योगी ने पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने के इंतजामों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
कोलकाता भगदड़ में 19 लोगों की मौत
बता दें कि पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार देर शाम भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए थे। घटना के बाद पूजा पंडालों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे। इसी के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार ने भी एहतियाती कदम उठाते हुए सुरक्षा जांच के निर्देश जारी किए हैं।
बलरामपुर में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर कार ने श्रद्धालुओं को रौंदा, 3 की मौत
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर वीडियो देख रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना देहात थाना क्षेत्र के चिरगहिया बेल्हा गांव की है।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के मुताबिक, शनिवार देर रात कुछ श्रद्धालु सड़क किनारे स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान सिद्धार्थनगर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी और कई लोगों को रौंदते हुए निकल गई।
दो गंभीर घायलों को बहराइच रेफर किया गया
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला मेमोरियल चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मनोज सिंह (40), गणेश (35) और पाटेश्वरी (50) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें छेदी राम (45) और डबलू (35) की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर किया गया है। दो अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया है।
