देशप्रमुख समाचार

रायपुर-बलौदाबाजार रोड होगा फोरलेन, 1500 करोड़ से बदलेगी तस्वीर; फ्लाईओवर-ओवरब्रिज से मिलेगी जाम से राहत

Raipur-Baloda Bazar Road to Become Four-Lane: रायपुर। छत्तीसगढ़ में रायपुर से बलौदाबाजार और सारंगढ़ तक सफर करने वाले लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से राहत मिल सकती है। रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग के फोरलेन चौड़ीकरण का डीपीआर तैयार कर लिया गया है। नेशनल हाईवे विभाग इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 1500 करोड़ रुपए खर्च करेगा। परियोजना पूरी होने के बाद यात्रियों का 1 से सवा घंटे तक समय बचेगा और आवागमन पहले से अधिक सुगम होगा।

जानकारी के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण का कार्य दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में धनेली से पुराना विधानसभा तक 11.610 किलोमीटर सड़क का विस्तार होगा, जिस पर लगभग 500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। वहीं दूसरे चरण में विधानसभा से पलारी तक करीब 72 किलोमीटर सड़क फोरलेन बनाई जाएगी, जिसके लिए 1050 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है।

परियोजना के तहत केवल फोरलेन सड़क ही नहीं बनाई जाएगी, बल्कि कई स्थानों पर सर्विस लेन का भी निर्माण होगा। साथ ही चार बड़े फ्लाईओवर और कई ओवरब्रिज बनाए जाएंगे, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच यातायात और अधिक आसान हो सकेगा।

यहां बनेंगे फ्लाईओवर और ओवरब्रिज

  • नरदहा चौक पर 200 मीटर हिस्से को छोड़कर सिक्स लेन फ्लाईओवर
  • धनेली चौक पर पुराने ब्रिज को तोड़कर नया फ्लाईओवर
  • धनेली गांव में नया फ्लाईओवर
  • टेकारी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज
  • बरौदा गांव में ओवरब्रिज का निर्माण

फोरलेन बनने से सड़क पर लगने वाले जाम और हादसों में कमी आने की उम्मीद है। भारी वाहनों के लिए अलग लेन उपलब्ध होने से यातायात व्यवस्थित होगा। साथ ही सीमेंट उद्योग को बड़ा फायदा मिलेगा, माल परिवहन आसान होगा और स्थानीय व्यापार व रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

नेशनल हाईवे के चीफ इंजीनियर ज्ञानेश्वर कश्यप ने बताया कि रायपुर-बलौदाबाजार चौड़ीकरण परियोजना का 1500 करोड़ रुपए का डीपीआर तैयार कर लिया गया है। पूरी ड्राइंग और डिजाइन दिल्ली मुख्यालय भेजी जाएगी। यदि किसी तरह के सुधार की जरूरत नहीं पड़ी तो जल्द ही चौड़ीकरण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button