इंदौर। चंदन नगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में नाइजीरियन मूल की एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक महिला मुंबई से बस के जरिए इंदौर पहुंची थी और यहां मादक पदार्थ की डिलीवरी देने वाली थी। सूचना के आधार पर पुलिस कई दिनों से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। शनिवार को चंदन नगर इलाके में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 57 ग्राम से अधिक MD बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

कई दिनों से महिला की गतिविधियों पर थी नजर

एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल की टीम को सूचना मिली थी कि मुंबई से जोया नाम की नाइजीरियन महिला इंदौर आकर कोकीन और अन्य मादक पदार्थों की डिलीवरी करती है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने महिला की गतिविधियों और उसके इंदौर आने-जाने से जुड़ी जानकारी जुटाना शुरू किया। मुखबिर से पुलिस को जानकारी मिली थी कि राखी के अगले दिन जोया मुंबई से इंदौर आ सकती है। इसके बाद पुलिस टीम ने मुंबई से इंदौर आने वाली बसों पर नजर रखना शुरू कर दिया।

बस से उतरते ही पुलिस ने घेरा

शनिवार को महिला के इंदौर पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उस पर नजर रखी। चंदन नगर क्षेत्र में पहुंचने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 57 ग्राम से ज्यादा MD बरामद हुई। पुलिस अब महिला से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह इंदौर में किस व्यक्ति को ड्रग्स की डिलीवरी देने आई थी और उसके साथ इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

पासपोर्ट मुंबई में होने का दावा

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला मूल रूप से नाइजीरियन है। उसके पास से फिलहाल पासपोर्ट बरामद नहीं हुआ है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पासपोर्ट मुंबई में है। पुलिस उसके दस्तावेजों और भारत में रहने से संबंधित जानकारी की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।