कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। भोपाल से खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रही यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर मिनी बस अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 20 फीट नीचे नाले में गिर गई। हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, हादसा सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल प्लाजा के पास हुआ। ट्रैवलर टोल प्लाजा पार करने के बाद सुल्तानपुर की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद मिनी बस सड़क के डिवाइडर को तोड़ते हुए पुलिया के बीच से सीधे नाले में जा गिरी।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

हादसा इतना भीषण था कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी।

20 फीट गहरे नाले से निकाले गए यात्री

सूचना मिलते ही सिमलिया थाना पुलिस, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की रेस्क्यू टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। ट्रैवलर नाले में करीब 20 फीट नीचे फंसी हुई थी, जिसके कारण यात्रियों को बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिसकर्मियों और बचावकर्मियों ने एक-एक कर यात्रियों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

कोटा के दो अस्पतालों में घायलों का इलाज

हादसे में घायल यात्रियों को कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल और एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में आठ लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। हालांकि, घायलों की स्थिति और मृतकों की संख्या को लेकर आधिकारिक अपडेट के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

भोपाल से खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे यात्री

बताया जा रहा है कि मिनी बस में 25 से अधिक यात्री सवार थे, जो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कोटा के पास यह हादसा हो गया। घटना के बाद यात्रियों के परिजनों में चिंता का माहौल है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।