Gwalior Dabara News: ग्वालियर: मध्य प्रदेश के डबरा शहर में पुलिस ने रविवार देर रात एक स्पा सेंटर पर छापेमार कार्रवाई की। ग्वालियर रोड स्थित कियोरा स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर पुलिस टीम ने अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से दो युवक और एक नाबालिग लड़की मिली। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया, जबकि उत्तर प्रदेश की रहने वाली नाबालिग लड़की को महिला पुलिस की सुरक्षा में उसके घर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, डबरा के ग्वालियर रोड पर कियोरा स्पा सेंटर संचालित हो रहा था। सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। निर्देश मिलने पर एसडीओपी सौरभ कुमार और थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस बल के साथ देर रात मौके पर पहुंचे।

स्पा सेंटर के अंदर मिले दो युवक और नाबालिग

पुलिस टीम ने स्पा सेंटर के अंदर पहुंचकर जांच की तो वहां दो युवक और एक किशोरी मौजूद मिली। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि लड़की नाबालिग है और उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग की सुरक्षा को देखते हुए उसे महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में उसके घर भेजने की व्यवस्था की।

दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ

मौके से मिले दोनों युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इनमें से एक युवक कानपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि दूसरा डबरा का स्थानीय निवासी है। पुलिस दोनों से स्पा सेंटर में चल रही गतिविधियों को लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

नाबालिग लड़की की बरामदगी के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग लड़की स्पा सेंटर तक कैसे पहुंची और वहां उसकी मौजूदगी के पीछे क्या वजह थी। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।