भोपाल: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने खरगे की टिप्पणी की निंदा करते हुए उनसे माफी की मांग की है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी इस बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस नेता लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता के खिलाफ अभद्र और निंदनीय टिप्पणी की है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में पद की गरिमा के खिलाफ है।

सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि कांग्रेस नेता इस तरह की बयानबाजी कर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की सोच को समझ चुकी है और पिछले एक दशक से अधिक समय से पार्टी को लगातार चुनावों में हार का सामना करना पड़ रहा है।

अमित शाह ने भी खरगे की टिप्पणी पर जताई नाराजगी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी मल्लिकार्जुन खरगे के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी कर खरगे ने सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करती रही है। उन्होंने कहा कि कभी प्रधानमंत्री की माताजी के बारे में अपशब्द कहे गए, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा गया, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया गया।

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पर साधा निशाना

अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते 12 वर्षों में लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस में हताशा और निराशा बढ़ी है। शाह के मुताबिक, कांग्रेस के पास अब न कोई नीति बची है और न कोई मुद्दा, बल्कि वह गाली-गलौज की राजनीति कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जब-जब कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार को लेकर टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने पार्टी को जवाब दिया है।

पटना में कार्यक्रम के दौरान दिया था बयान

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक बार-बार चिल्लाकर कहने लगा कि ‘मोदी नहीं जाएगा।’

इस पर खरगे ने नाराजगी जताते हुए कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’ खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर झूठ बोलने की आदत होने का आरोप भी लगाया। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया और भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर हमला बोला।