भोपाल। बिजली कंपनियों के संविदा अधिकारी-कर्मचारी नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं होने के विरोध में आज गोविंदपुरा में धरना-प्रदर्शन करेंगे। यूनाइटेड फोरम के आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से कर्मचारी भोपाल पहुंचे हैं। कर्मचारियों की मांग है कि संविदा नियमितीकरण योजना-2026 के तहत विभागीय परीक्षा की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए, ताकि प्रदेश के करीब 5 हजार संविदा अधिकारी-कर्मचारियों को नियमितीकरण का लाभ मिल सके।

यूनाइटेड फोरम के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि ऊर्जा विभाग ने 24 जुलाई 2026 को संविदा नियमितीकरण योजना-2026 का परिपत्र जारी किया था। योजना के क्रियान्वयन के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है। इसके बावजूद विभागीय परीक्षा के लिए अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष है।

नोडल कंपनी ने अब तक जारी नहीं की विज्ञप्ति

फोरम के अनुसार, योजना के क्रियान्वयन के लिए अधिकृत नोडल कंपनी पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अब तक आवश्यक विज्ञप्ति और प्रक्रिया जारी नहीं की है। इसके चलते नियमितीकरण की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि निर्धारित समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी करने के लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है।

गोविंदपुरा में धरना देकर उठाएंगे मांग

यूनाइटेड फोरम के आह्वान पर होने वाले धरना-प्रदर्शन में प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर आरएस कुशवाह सहित संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। कर्मचारी शासन और संबंधित बिजली कंपनियों से विभागीय परीक्षा की प्रक्रिया शुरू करने तथा तय समय-सीमा में नियमितीकरण पूरा करने की मांग करेंगे।

5 हजार संविदा कर्मचारियों को नियमितीकरण का इंतजार

फोरम का कहना है कि संविदा अधिकारी-कर्मचारी लंबे समय से बिजली विभाग के महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए नियमितीकरण योजना को जल्द लागू करना जरूरी है। संगठन ने पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी से तत्काल विज्ञप्ति जारी करने की मांग की है, ताकि योजना के दायरे में आने वाले करीब 5 हजार कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा में इसका लाभ मिल सके।