सीहोर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-आईसर की आमने-सामने टक्कर, चालक गंभीर घायल, पैर कटने की आशंका

Horrific Road Accident in Sehore: सीहोर। जावर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोपाल-इंदौर हाईवे पर मेहतवाड़ा के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक और आईसर वाहन की आमने-सामने टक्कर में आईसर का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसमें उसके पैर कटने की सूचना है।
एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा
हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। सूचना मिलते ही जावर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराया। इस दौरान मेहतवाड़ा के पुराने भोपाल-इंदौर मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय नागरिक रूपचंद जैन के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण एक तरफ का मार्ग बंद था और दोनों दिशाओं का ट्रैफिक एक ही लेन से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और भीषण टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आईसर वाहन के ड्राइवर के पैर केबिन में बुरी तरह फंस गए। जावर पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
रफ्तार और अव्यवस्था बनी हादसे की वजह
हाईवे पर तेज रफ्तार और निर्माण कार्य के दौरान उचित ट्रैफिक प्रबंधन की कमी को दुर्घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है। मौके पर निर्माण एजेंसी का कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था। केवल सूचना बोर्ड के माध्यम से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था, जिसे कई वाहन चालकों ने नजरअंदाज कर दिया।
लगातार हादसों का खतरा बना हुआ
एक ही मार्ग पर दोतरफा आवागमन के चलते लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान पुख्ता ट्रैफिक व्यवस्था और निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।




