देशप्रमुख समाचार

कोरबा-चांपा हाईवे पर भीषण हादसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, तीन घायल

Korba Accident news: कोरबा। कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग पर फरसवानी के पास रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे (Korba Road Accident) में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है।

तेज रफ्तार कार बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार काशीनगर निवासी सोनी परिवार चांपा से चौथिया कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात करीब दो बजे कोरबा लौट रहा था। फरसवानी टोल नाका पार करते ही उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले वह डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़ी हाइवा में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

तीन की मौके पर मौत, तीन घायल
इस हादसे में मोंगरा सोनी (45 वर्ष), देवेंद्र सोनी (22 वर्ष) और ढाई वर्षीय प्रियांश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को चांपा के एनकेएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल भेजे गए हैं।

परिवार में पसरा मातम, पुलिस जांच जारी
बताया जा रहा है कि सोनी परिवार के दो भाई टेंट हाउस का व्यवसाय करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही काशीनगर मोहल्ले में शोक का माहौल छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

अप्रैल में बढ़े सड़क हादसे
कोरबा जिले और आसपास के क्षेत्रों में अप्रैल माह के दौरान सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ी है। कटघोरा मार्ग पर ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत हुई थी, जबकि बालको क्षेत्र में भारी वाहन की चपेट में आने से एक श्रमिक की जान गई। उरगा क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने एक बुजुर्ग को कुचल दिया था। दीपका और बांकीमोंगरा क्षेत्रों में भी तेज रफ्तार के कारण कई गंभीर हादसे सामने आए हैं।

26 लोगों की जा चुकी है जान
अप्रैल माह में अकेले सड़क दुर्घटनाओं में 26 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग भी तेज हो रही है।

Related Articles

Back to top button