Telangana Bus Accident: सूर्यापेट। तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोडाड मंडल के डोराकुंटा इलाके के पास हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल बस खड़े कंटेनर लॉरी से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बस में सवार थे 43 यात्री
जानकारी के मुताबिक, प्राइवेट ट्रैवल बस हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा जा रही थी। हादसे के समय बस में कुल 43 यात्री सवार थे। बुधवार सुबह करीब 5:20 बजे डोराकुंटा इलाके के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों में 5 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री बस के अंदर फंस गए।
पुलिस ने शुरू किया राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की वजह की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में बस के कंटेनर लॉरी से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहनों की स्थिति की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जताया दुख
सड़क हादसे में छह लोगों की मौत पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को घायलों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के मुताबिक सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक हादसा कैसे हुआ?
पुलिस के अनुसार हादसा बुधवार सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। बस हैदराबाद से विजयवाड़ा की ओर जा रही थी और इसमें 43 यात्री सवार थे। दुर्घटना दुर्गापुरम स्टेज के पास हुई। पुलिस ने बताया कि बस एक ट्रक/कंटेनर से टकराई, जिसके बाद कई यात्री घायल हो गए।
जगतियाल में भी हुआ था बस हादसा
तेलंगाना में हाल के दिनों में बस दुर्घटना का यह दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले जगतियाल जिले में कोंडागट्टू गांव के बाहरी इलाके में एक ट्रक की TGSRTC बस से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में करीब 25 यात्री घायल हुए थे।
बताया गया था कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे और वह करीमनगर से निजामाबाद जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यात्री वाहनों की सुरक्षा और सड़क पर खड़े भारी वाहनों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
