भुवनेश्वर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भुवनेश्वर में 169 करोड़ रुपये की लागत से बने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नवनिर्मित डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने RBI की इन नई सुविधाओं को अधिक सुरक्षित वित्तीय प्रणाली की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। इनसे देश के डिजिटल बुनियादी ढांचे और साइबर सुरक्षा क्षमताओं को मजबूती मिलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी के बाद देश में बड़े शहरों का विकास हुआ, बड़े संस्थान, अस्पताल और एयरपोर्ट बने। इसके बावजूद देश का एक बड़ा हिस्सा बुनियादी सुविधाओं के लिए इंतजार करता रहा। दिल्ली जैसे बड़े शहरों में अस्पताल उपलब्ध थे, लेकिन छोटे शहरों और दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। इसी तरह, हवाई यात्रा की सुविधाओं का विस्तार छोटे शहरों तक करने पर भी पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

हमने विकास को लेकर सोच बदलने का प्रयास किया

पीएम मोदी ने कहा कि बड़े शहरों में कई सुविधाएं उपलब्ध थीं, लेकिन अनेक गांवों में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी जरूरतें भी चुनौती बनी हुई थीं। रेलवे स्टेशन आम नागरिक की यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, लेकिन वहां आधुनिक सुविधाओं का अभाव था। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ देश के हर क्षेत्र और हर नागरिक तक समान रूप से पहुंचाना एक बड़ी चुनौती रही है। सरकार ने इसी सोच को बदलने का प्रयास किया है।

प्रो-पीपल, प्रो-एक्टिव और गुड गवर्नेंस मॉडल पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार प्रो-पीपल, प्रो-एक्टिव और गुड गवर्नेंस के मॉडल के साथ काम कर रही है। उनके मुताबिक, विकास का मतलब भारत का संतुलित विकास करना और गांवों व छोटे शहरों को भी अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार का लक्ष्य दूर-दराज के क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी पहुंचाना, गरीब परिवारों को सम्मान के साथ जीवन जीने की सुविधाएं देना और हर नागरिक को यह भरोसा दिलाना है कि विकास की यात्रा में वह पीछे नहीं छूटेगा।

एक्सप्रेसवे से छोटे शहरों को जोड़ने पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के एक्सप्रेसवे छोटे शहरों को भी जोड़ रहे हैं। एम्स जैसे संस्थानों का विस्तार अनेक राज्यों तक हुआ है और छोटे शहरों में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांवों में करीब पौने दो लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले गए हैं। सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो भी देखा

भुवनेश्वर में RBI की नई सुविधाओं के उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखा। इस दौरान वह नमो घाट पर मौजूद रहे।