कानपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर में वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बिना दोनों पर तंज कसते हुए कहा कि इस समय देश में दो मियां हैं-एक छोटे मियां और दूसरे बड़े मियां। दोनों को घुसपैठियों से बहुत प्यार है। सीएम योगी ने इस दौरान पूर्ववर्ती सपा और कांग्रेस सरकारों पर विकास में रोड़े अटकाने और कानून-व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर के बिठूर में वाल्मीकि जयंती के अवसर पर वाल्मीकि आश्रम में पूजा-अर्चना की। इसके बाद नाना राव पेशवा पार्क में आयोजित समारोह में 411 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसी कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधा।

सपा-कांग्रेस ने विकास में रोड़े अटकाए: सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि हजारों वर्षों तक अयोध्या में आवागमन के लिए सड़क मार्ग की स्थिति खराब थी। बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शासन में अयोध्या का विकास नहीं हुआ। बीजेपी सरकार ने जब अयोध्या के विकास की कार्ययोजना बनाई तो विपक्ष ने उसमें रोड़े अटकाने शुरू कर दिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम का विकास हुआ है। पहले जहां सीमित संख्या में श्रद्धालु दर्शन कर पाते थे, वहीं अब बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को दर्शन की सुविधा मिल रही है। सीएम ने कहा कि अयोध्या भी नए स्वरूप में विकसित हुई है।

अयोध्या को त्रेता युग की ओर ले जाने की बात

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर के निर्माण के साथ शहर को फिर से त्रेता युग की ओर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज, मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर, शुकतीर्थ, नैमिषारण्य और बिठूर के विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर, सद्गुरु रविदास और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े प्रदेश के स्थलों पर बाउंड्री वॉल, कैनोपी, सुरक्षा और सुंदरीकरण का काम किया जाएगा। ऐसे करीब 4,000 स्थानों पर कार्य शुरू किए जाने की बात भी उन्होंने कही।

‘छोटे मियां और बड़े मियां को घुसपैठियों से प्यार’

मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में इस समय दो मियां हैं-एक छोटे मियां और दूसरे बड़े मियां। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों को घुसपैठियों से बहुत प्यार है और वे बांग्लादेशी घुसपैठियों को गले लगाते हैं, जबकि दलितों, वंचितों, गरीबों, किसानों और युवाओं का अपमान करते हैं। सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान किसान आत्महत्या के लिए मजबूर होते थे, गरीब भूख से परेशान था और युवाओं को नौकरी नहीं मिलती थी। उन्होंने सपा सरकार पर महिला सुरक्षा, जमीनों पर कब्जे और दंगों को लेकर भी निशाना साधा।

मुजफ्फरनगर और जवाहरबाग की घटनाओं का किया जिक्र

सीएम योगी ने अपने भाषण में कोसी कलां, मथुरा के जवाहरबाग और मुजफ्फरनगर दंगों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और पुलिस अधिकारी भी सुरक्षित नहीं थे। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दंगों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सीएम ने सपा सरकार पर दंगाइयों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया।

अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव को लेकर सीएम योगी ने कहा कि उन्हें एक बार सत्ता विरासत में मिल गई थी, लेकिन अब जनता उनके कार्यों को देख चुकी है। उन्होंने कहा कि ‘काठ की हंडिया बार-बार नहीं चढ़ती’ और अखिलेश यादव को सत्ता में वापसी का सपना देखना बंद कर देना चाहिए।

सीएम योगी ने कहा कि विरासत में एक बार गद्दी मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं मिलती। इसके लिए जमीन पर उतरकर प्रयास करना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में सपा को दोबारा सत्ता नहीं मिलने वाली है।