लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद कथित तौर पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोली लगने से शिवाजी तिवारी, शिवेन्द्र तिवारी और सुयश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने फायरिंग के आरोपी ऋषभ शुक्ला को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल पिस्टल और चार खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे सआदतगंज थाना क्षेत्र के ब्राह्मणी टोला, नौबस्ता में बरगद के पेड़ के पास खाली जमीन पर कार खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ऋषभ शुक्ला, निवासी ब्राह्मणी टोला, नौबस्ता पर कथित तौर पर अवैध पिस्टल से फायरिंग करने का आरोप है। गोली लगने से शिवाजी तिवारी, शिवेन्द्र तिवारी और सुयश तिवारी घायल हो गए।

अस्पताल में तीनों घायलों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शिवाजी तिवारी (करीब 62 वर्ष), शिवेन्द्र तिवारी (करीब 55 वर्ष) और सुयश तिवारी (करीब 30 वर्ष) की उपचार के दौरान मौत हो गई।

आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और चार खोखा कारतूस बरामद

पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और फायरिंग के आरोपी ऋषभ शुक्ला (करीब 30 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और चार खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

फायरिंग के बाद इलाके में दहशत

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद सआदतगंज के नौबस्ता इलाके में दहशत का माहौल है। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है।