Uncategorizedछत्तीसगढ़देशप्रमुख समाचार

रायपुरवासियों को बड़ी राहत: आज से शुरू होगी कचना ओवरब्रिज पर आवाजाही, CM साय करेंगे लोकार्पण

Big relief for Raipur residents: रायपुर। राजधानी रायपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। कचना ओवरब्रिज पर शुक्रवार से आम जनता की आवाजाही शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम को इस बहुप्रतीक्षित ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहेंगे।

49 करोड़ की लागत से बना ओवरब्रिज

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक कचना ओवरब्रिज का निर्माण करीब 49 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। शासन ने मार्च 2022 में 48.78 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी थी, जबकि सितंबर 2023 में निर्माण कार्य का आदेश जारी किया गया था।

रेलवे से मंजूरी में देरी बनी वजह

अनुबंध के अनुसार ओवरब्रिज का निर्माण 18 महीने में पूरा किया जाना था, लेकिन रेलवे पटरी के ऊपर स्लैब और गर्डर लगाने के लिए रेलवे से ड्राइंग-डिजाइन की मंजूरी समय पर नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य में देरी हुई। लंबे इंतजार के बाद अब पुल पूरी तरह तैयार हो गया है।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

शंकरनगर-खम्हारडीह मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। वहीं रायपुर-वाल्टेयर रेललाइन पर ट्रेनों के लगातार आवागमन के कारण कचना रेलवे फाटक अक्सर बंद रहता था, जिससे लंबा जाम लग जाता था। ओवरब्रिज शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

शाम 5 से 8 बजे तक रहेगा रूट डायवर्जन

लोकार्पण समारोह के चलते शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक खम्हारडीह से कचना और कचना से खम्हारडीह के बीच मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान के तहत वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित किया जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि समारोह के दौरान बिना जरूरी काम के इस मार्ग पर जाने से बचें। यदि जाना आवश्यक हो तो समय से पहले निकलें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button