
Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ द्वारा 14 जून को रायपुर में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह महासम्मेलन बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 18 हजार एनएचएम कर्मचारियों की भागीदारी प्रस्तावित है।
महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर आज लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से उनके विधानसभा क्षेत्र चिरमिरी में संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान एनएचएम कर्मचारियों की लंबित मांगों और विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कर्मचारियों की मांगों पर मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें शीघ्र पूरा कराने के लिए सकारात्मक सहमति दी। मंत्री और संघ पदाधिकारियों की उपस्थिति में 14 जून को रायपुर में महासम्मेलन आयोजित करने पर सहमति बनी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि
संघ पदाधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे।
इसके अलावा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. धीरेन्द्र तिवारी, सभी कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और रायपुर महापौर को आमंत्रित किए जाने की जानकारी दी गई है।
संगठन की एकता का होगा प्रदर्शन
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि यह महासम्मेलन एनएचएम कर्मचारियों की एकता, संगठन शक्ति और लंबित मांगों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी, डॉ. रविशंकर दीक्षित, महासचिव कौशलेस तिवारी, हेमंत सिन्हा, पुरन दास और बृज मोहन करोलिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




