प्रमुख समाचारमध्‍यप्रदेश

तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा

Accident News: रीवा। मऊगंज जिले में एक भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही युवक करीब 5 फीट ऊपर हवा में उछलकर 20 फीट दूर जा गिरा। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे में बाइक सवार दंपत्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है।

तेंदूपत्ता तोड़कर लौट रहा था युवक

घटना नईगढ़ी थाना क्षेत्र के लालगंज गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार डिहिया गांव निवासी 19 वर्षीय सुभाष साकेत रविवार सुबह साइकिल से तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए घर से निकला था। शाम को वापस लौटते समय जैसे ही वह लालगंज गांव के पास तिराहे के मोड़ पर पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और सुभाष की साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद 20 फीट दूर जा गिरा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुभाष साकेत हवा में करीब 5 फीट ऊपर उछल गया और लगभग 20 फीट दूर जाकर गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार रहीश साहू और उनकी पत्नी प्रीति साहू भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को रीवा रेफर किया गया

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को नईगढ़ी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रीवा रेफर कर दिया।

CCTV फुटेज आया सामने

नईगढ़ी थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी ने बताया कि घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज सोमवार को मिला है, जिसमें पूरा हादसा रिकॉर्ड हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button