IMD Weather Update: दिल्ली-यूपी में बढ़ेगी गर्मी, 17 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

IMD Weather Update: नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देशभर के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। एक तरफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी और तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की चेतावनी दी गई है, वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश, विदर्भ और पूर्वोत्तर समेत 17 राज्यों में तेज आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में बदल सकता है मौसम
नई दिल्ली और एनसीआर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और धूल भरी तेज आंधी चलने की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में हीटवेव का खतरा
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान लू चलने की आशंका है। प्रयागराज, गाजीपुर, उरई और आगरा में तापमान सामान्य से काफी ऊपर जा सकता है, जबकि इटावा और मेरठ में गर्म रातें लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी।
राजस्थान में 45 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
राजस्थान में पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पश्चिमी सीमावर्ती इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। साथ ही 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
बिहार और झारखंड में बारिश का अलर्ट
बिहार के भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, कटिहार और अररिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। पटना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वहीं झारखंड में 23 मई तक गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मध्य भारत में बदला मौसम
छत्तीसगढ़ में रायपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अनुमान है। पेड़ उखड़ने जैसी घटनाओं की भी आशंका जताई गई है।
मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में भी तेज हवाओं, ओलावृष्टि और मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड और हिमाचल में तेज हवाएं
उत्तराखंड के नैनीताल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी और हरिद्वार समेत कई जिलों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, सोलन और चंबा में हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। मनाली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश और लू
केरल में लगातार बारिश के बीच पथनमथिट्टा और अलप्पुझा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तिरुवनंतपुरम और कोझिकोड समेत कई जिलों में येलो अलर्ट लागू है।
तमिलनाडु के थेनी, डिंडीगुल, मदुरै, कोयंबटूर और नीलगिरि में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है।
वहीं तेलंगाना में अगले सात दिनों तक भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है। आदिलाबाद, निजामाबाद और निर्मल में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
पूर्वोत्तर और तटीय इलाकों में भी अलर्ट
ओडिशा में अगले चार दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है, हालांकि कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता समेत दक्षिणी इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
इसके अलावा असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश, बिजली गिरने और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।




