MP: छात्रोत्सव ‘पंख’ में उठा जातीय भेदभाव का मुद्दा, सामान्य वर्ग की छात्राओं ने मंत्री विजय शाह से किए सवाल, कहा- हमें क्यों वंचित किया जा रहा?
MP Latest News: सामान्य वर्ग की छात्राओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि कॉलेज सभी विद्यार्थियों का है, फिर शिक्षा और उससे जुड़ी सुविधाओं से उन्हें क्यों वंचित किया जा रहा है।

MP Latest News: भोपाल। शहर के एक गर्ल्स कॉलेज में आयोजित छात्रोत्सव ‘पंख’ कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल चर्चा का केंद्र बन गया, जब छात्राओं ने मंच से ही जातीय आधार पर दी जा रही सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मंत्री विजय शाह शामिल हुए थे।
मंत्री शाह ने अपने संबोधन में आदिवासी छात्र-छात्राओं के लिए बस सुविधा, छात्रावास, आवास भत्ता, तथा नीट और पीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की घोषणाएं कीं।
घोषणाओं के बाद सामान्य वर्ग की छात्राओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि कॉलेज सभी विद्यार्थियों का है, फिर शिक्षा और उससे जुड़ी सुविधाओं से उन्हें क्यों वंचित किया जा रहा है। छात्राओं ने पूछा कि यदि सरकार शैक्षणिक सहयोग दे रही है, तो वह सभी वर्गों के लिए समान रूप से क्यों नहीं होना चाहिए।
इस पर मंत्री विजय शाह ने छात्राओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे उनकी बात को संबंधित स्तर पर जरूर रखेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिक्षा को बढ़ावा देना है और विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और मंत्री के बीच हुई इस खुली चर्चा ने शिक्षा में समान अवसर और सामाजिक न्याय के मुद्दे को फिर से चर्चा में ला दिया है।




