Gold-Silver Price Today: नई दिल्ली। अगस्त के आखिरी सप्ताह में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को दोनों कीमती धातुओं में गिरावट के साथ कारोबार बंद हुआ। 28 अगस्त को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट शुद्ध सोने का भाव ₹1,56,400 प्रति 10 ग्राम, जबकि चांदी ₹2,36,651 प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत करीब ₹1.58 लाख प्रति 10 ग्राम और 1 किलो चांदी का भाव ₹2.44 लाख है। वहीं गुडरिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट सोना ₹1,58,390 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹2,55,000 प्रति किलो के आसपास बनी हुई है।
इंदौर-भोपाल में आज का सोना-चांदी भाव
इंदौर और भोपाल में 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,58,390 प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। वहीं आभूषण बनाने में इस्तेमाल होने वाले 22 कैरेट सोने का भाव ₹1,45,200 प्रति 10 ग्राम है। 18 कैरेट सोने की कीमत करीब ₹1,18,830 प्रति 10 ग्राम बनी हुई है। दोनों शहरों में 999 शुद्धता वाली चांदी का भाव करीब ₹2,54,900 प्रति किलोग्राम चल रहा है।
दिल्ली, जयपुर समेत इन शहरों में भी भाव ऊंचे
मेरठ, जयपुर, दिल्ली और लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने का भाव करीब ₹1,58,290 प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट का ₹1,45,100 और 18 कैरेट का ₹1,18,730 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है।
मुंबई, पुणे, नागपुर, जयपुर, दिल्ली और लखनऊ में चांदी करीब ₹2,54,900 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। वहीं चेन्नई, हैदराबाद, विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम और केरल में चांदी का भाव करीब ₹2,59,900 प्रति किलोग्राम है।
भू-राजनीतिक तनाव से बुलियन बाजार को सहारा
वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, भू-राजनीतिक तनाव और मुद्रा बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच सोने-चांदी में मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों और बॉन्ड यील्ड में बदलाव का असर भी सोने की कीमतों पर पड़ा है।
ईरान-अमेरिका के बीच जारी तनाव से कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ी है। ब्रेंट क्रूड करीब 88 डॉलर प्रति बैरल, जबकि WTI क्रूड करीब 83.40 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बना हुआ है। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने का रुख कर रहे हैं। आमतौर पर भू-राजनीतिक अस्थिरता बढ़ने पर सोने की मांग को समर्थन मिलता है।
कमजोर रुपया भी बढ़ा रहा सोने की कीमत
अमेरिकी डॉलर इंडेक्स करीब 99.70 के स्तर पर है। डॉलर में मजबूती के बीच भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले करीब ₹95.48 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। रुपये में कमजोरी से भारत में सोने का आयात महंगा हो जाता है, जिसका असर घरेलू बाजार में सोने की कीमतों पर पड़ता है।
नोट: सोने-चांदी के ऊपर दिए गए भाव सांकेतिक हैं। स्थानीय सराफा बाजार में कीमतें टैक्स, मेकिंग चार्ज, शुद्धता और अन्य शुल्कों के कारण अलग हो सकती हैं।
