हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार को रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गई। चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर अचानक लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। तेज रफ्तार ट्रेन की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वंदे भारत एक्सप्रेस के आगे के हिस्से को नुकसान पहुंचा।
टक्कर के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
वंदे भारत के अगले हिस्से को पहुंचा नुकसान
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रेलवे ट्रैक पर मौजूद दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाया गया और रेल परिचालन सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
जानकारी के मुताबिक, टक्कर के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस कुछ समय तक प्रभावित रही। करीब आधे घंटे बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इसके बाद ट्रेन हजारीबाग स्टेशन पहुंची, जहां रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन की स्थिति की जांच की। टक्कर में वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन के आगे के हिस्से को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। रेलवे की ओर से नुकसान का आकलन किया गया है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची?
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची। रेलवे अधिकारियों की ओर से घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक पर किस रास्ते से पहुंची और घटना के समय वहां सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी।
यात्रियों में मची अफरा-तफरी, लेकिन बड़ा हादसा टला
तेज रफ्तार ट्रेन की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर के बाद यात्रियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि ट्रेन में सवार किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है। रेलवे की ओर से ट्रेन की तकनीकी स्थिति की जांच के बाद उसे आगे रवाना किया गया।
इससे पहले भी तकनीकी खराबी से रुकी थी वंदे भारत
इससे पहले बुधवार को हावड़ा-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस तकनीकी खराबी के कारण ओडिशा के बिसरा स्टेशन पर करीब एक घंटे 40 मिनट तक खड़ी रही थी। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन के पहियों से जुड़ी प्रणाली में समस्या आने के कारण ट्रेन को रोकना पड़ा था। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने दूसरे रेक की व्यवस्था की।
लगातार घटनाओं से वंदे भारत ट्रेनों की सुरक्षा पर सवाल
एक ओर हजारीबाग में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रैक पर आई ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, वहीं दूसरी ओर कुछ दिन पहले तकनीकी खराबी के कारण हावड़ा-राउरकेला वंदे भारत को लंबे समय तक स्टेशन पर खड़ा रहना पड़ा। हालांकि दोनों घटनाओं में यात्रियों की सुरक्षा बनी रही, लेकिन इन घटनाओं ने ट्रेन परिचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ाने की जरूरत को जरूर सामने ला दिया है।
