नई दिल्ली। भाई-बहन के अटूट रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन इस बार 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। त्योहार के चलते देश के कई राज्यों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। ऐसे में अगर आपको रक्षाबंधन के दिन बैंक जाकर कोई जरूरी काम करना है, तो घर से निकलने से पहले अपने राज्य की बैंक छुट्टी जरूर जांच लें।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की छुट्टियों की सूची के मुताबिक, 28 अगस्त को रक्षाबंधन और कुछ क्षेत्रीय त्योहारों के कारण गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, केरल, छत्तीसगढ़, श्रीनगर और हिमाचल प्रदेश में बैंक शाखाओं पर अवकाश रहेगा।
28 अगस्त को इन राज्यों में बैंक बंद
रक्षाबंधन के साथ पांग-लहाबसोल, श्री नारायण गुरु जयंती और अय्यनकाली जयंती के अवसर पर इन क्षेत्रों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इन राज्यों के ग्राहकों को शाखा से जुड़े जरूरी काम के लिए अगले कार्यदिवस तक इंतजार करना पड़ सकता है।
दिल्ली-महाराष्ट्र समेत इन राज्यों में खुले रहेंगे बैंक
वहीं, दिल्ली और महाराष्ट्र में 28 अगस्त को बैंक बंद नहीं रहेंगे। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, मिजोरम, ओडिशा, पंजाब, असम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, गोवा, झारखंड, मेघालय और आंध्र प्रदेश में भी बैंक शाखाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी।
ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं रहेंगी जारी
बैंक शाखाएं बंद होने के बावजूद डिजिटल बैंकिंग सेवाओं पर इसका असर नहीं पड़ेगा। ग्राहक UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, चेक क्लियरेंस, बैंक ड्राफ्ट और शाखा में होने वाले नकद जमा-निकासी जैसे कामों के लिए बैंक खुलने का इंतजार करना पड़ सकता है।
29 अगस्त को खुले रहेंगे बैंक
रक्षाबंधन के अगले दिन 29 अगस्त, शनिवार को बैंक शाखाएं खुली रहेंगी। इसके बाद 30 अगस्त रविवार होने के कारण देशभर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। RBI के नियमों के मुताबिक, बैंक शाखाओं में आमतौर पर हर महीने दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है।
