भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 19 नवंबर को भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने उद्घाटन मुकाबले में आमने-सामने उतरीं भारत और मलेशिया की टीमों की खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम की स्पोर्ट्स जर्सी का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए आज खेलों का स्वर्णिम दिवस है। प्रदेश में पहली बार आयोजित हो रही अंतरराष्ट्रीय एशियन चैंपियनशिप का शुभारंभ सभी के लिए, विशेषकर खिलाड़ियों, हॉकी प्रेमियों और प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि महिला हॉकी का यह टूर्नामेंट 19 से 28 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है।
भोपाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के बीच हो रही प्रतियोगिता
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल के हॉकी स्टेडियम और पूरे स्पोर्ट्स एरीना में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश में खेलों के लिए सकारात्मक माहौल बन रहा है और हॉकी एक बार फिर अपने स्वर्णिम दौर की ओर लौट रही है। भोपाल में इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट का आयोजन होना प्रदेश के लिए विशेष उपलब्धि है।
भारत सहित छह देशों की टीमें ले रही हैं हिस्सा
महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत सहित छह देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मेजबान भारत और मलेशिया के बीच खेला जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी टीमों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी पूरी क्षमता के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की अतिथि सत्कार की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप यहां आने वाली सभी टीमों का स्वागत किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश के खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश और मध्यप्रदेश का मान बढ़ाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
