कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। उड़ान भर रहा ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर जा गिरा। हादसे से पहले तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एयरक्राफ्ट में दो पायलट सवार थे। उड़ान के दौरान अचानक विमान में जोरदार धमाका हुआ और इसके बाद वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर धुआं और विमान का मलबा फैल गया। सामने आई तस्वीरों और वीडियो में एयरक्राफ्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है।

एक पायलट की मौत, दूसरा गंभीर

हादसे में एक पायलट की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायल पायलट को तत्काल अस्पताल भेजकर उपचार शुरू कराया गया।

घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भीड़

विमान गिरने की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया और लोगों को मलबे के पास जाने से रोक दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

हादसे की वजह की जांच शुरू

प्रशासन और पुलिस की टीमें हादसे की जांच में जुट गई हैं। विमान में उड़ान के दौरान धमाका किस वजह से हुआ, तकनीकी खराबी की कोई भूमिका थी या नहीं और एयरक्राफ्ट अनियंत्रित होकर क्यों गिरा, इन तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है।