गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योगी ने कहा कि अगर अखिलेश यादव में हिम्मत है तो वे अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं, वह भी वहीं से चुनाव मैदान में उतरने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनौती देने से बेहतर है कि एक बार मुकाबला हो ही जाए, फिर पता चल जाएगा कि कौन कितने पानी में है।

योगी आदित्यनाथ ने राम नाम को लेकर भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सनातनी हर वक्त राम नाम का जाप करता है, जबकि राक्षसों को अंतिम समय में राम का नाम याद आता है।

सपा सरकार पर माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में उत्तर प्रदेश की पहली फॉरेस्ट्री एंड हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने करीब आठ हजार करोड़ रुपए की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में वैज्ञानिक और शोधकर्ता तैयार करने के बजाय माफियाओं को बढ़ावा दिया गया। योगी ने कहा कि उस समय वन माफिया, खनन माफिया और कैटल माफिया सरकार चला रहे थे। उनके मुताबिक, इसी वजह से प्रदेश में ऐसी यूनिवर्सिटी पहले स्थापित नहीं हो सकी।

अखिलेश की चुनौती पर बोले- अयोध्या से भरूंगा पर्चा

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश यादव बड़े-बड़े वादे और दावे कर रहे हैं, लेकिन उनकी हकीकत जनता जानती है। उन्होंने अखिलेश की ओर से अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती का जिक्र करते हुए कहा कि वह इसे स्वीकार करने के लिए तैयार हैं। योगी ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या से अपना नामांकन दाखिल करें, वह भी वहां से पर्चा भरेंगे। इसके बाद मुकाबले में जो होगा, उसे पूरी दुनिया देखेगी।

राम नाम और मारीच का जिक्र कर अखिलेश पर निशाना

योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के राम नाम लेने पर भी तंज कसा। उन्होंने उनके राम नाम लेने की तुलना रामायण के पात्र मारीच से की, जिसने सोने के हिरण का रूप धारण कर माता सीता को आकर्षित करने का प्रयास किया था। योगी ने इस टिप्पणी के जरिए अखिलेश यादव पर राजनीतिक हमला बोला।

ओवैसी और संजय निषाद को लेकर भी दिया संदेश

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने ओवैसी पर भी निशाना साधा। वहीं, उन्होंने निषाद समाज के नेता संजय निषाद को लेकर भी इशारों में टिप्पणी की। हाल ही में संजय निषाद अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे थे। इसके बाद उनके समाजवादी पार्टी के संपर्क में होने की चर्चाएं सामने आई थीं। इसी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच योगी ने दो नावों की सवारी को खतरनाक बताते हुए संदेश दिया। उनके इस बयान को संजय निषाद की राजनीतिक भूमिका और हालिया घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।