नई दिल्ली: भारत में पिछले 12-13 सालों के दौरान करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। यह दावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के 100वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए किया। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि सही नीतियों और सही इरादे के साथ काम किया जाए तो देश में बड़े बदलाव संभव हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति, निर्यात में बढ़ोतरी और 2047 तक विकसित भारत बनाने में उद्योग जगत की भूमिका पर भी विस्तार से बात की।

12 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 12-13 वर्षों में करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने 1970 के दशक में दिए गए ‘गरीबी हटाओ’ के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी देश की आबादी करीब 50 करोड़ थी। यदि उस दौर में सही नीतियां अपनाई गई होतीं तो गरीबी कम करने की दिशा में बड़े परिणाम हासिल किए जा सकते थे।उन्होंने कहा कि आज सही नीतियों और स्पष्ट इरादे के साथ काम करने का परिणाम है कि इतनी बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। कई वैश्विक संस्थानों ने भारत की आर्थिक विकास दर करीब 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में देश का निर्यात करीब 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो एक महीने में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

गरीबी में कमी के आंकड़ों का जिक्र करते हुए बताया गया कि विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2011 से 2023 के बीच 49.6 करोड़ लोग प्रतिदिन 4.20 डॉलर की आय वाली गरीबी सीमा से ऊपर आए। इसी अवधि में अत्यधिक गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई।

2047 तक विकसित भारत बनाने में उद्योग जगत की भूमिका अहम

FICCI के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत को बधाई दी। उन्होंने कारोबारियों और उद्योगपतियों से अगले 20 वर्षों के लिए अपनी प्राथमिकताएं तय करने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी को मिलकर योगदान देना होगा। उन्होंने उद्योग जगत से देश की आर्थिक प्रगति को गति देने, घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने और भारतीय निर्माताओं को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

दवाओं के कच्चे माल का आयात कम करने पर जोर

प्रधानमंत्री ने फार्मा सेक्टर का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत दुनिया में दवाओं के बड़े केंद्रों में शामिल है, लेकिन आज भी एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (API) और अन्य जरूरी कच्चे माल का अरबों डॉलर का आयात करता है।

उन्होंने उद्योग जगत से ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने को कहा, जहां देश अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाकर दूसरे देशों पर निर्भरता कम कर सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की आर्थिक तरक्की में युवा, किसान, मजदूर और कारोबारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उद्योग जगत से भारतीय उत्पादों और घरेलू निर्माताओं को बढ़ावा देने की अपील की।