भोपाल: देशभर में रविवार को दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई हस्तियों ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। हालांकि, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बधाई संदेश को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। खरगे ने दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ बताया, जिसके बाद भाजपा ने उनके बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कांग्रेस पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाया है।

क्या बोले थे मल्लिकार्जुन खरगे?

दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि दीपावली हिंदुस्तान का एक बहुत बड़ा त्योहार है, जिसे सभी लोग मनाते हैं। उन्होंने इसे ‘खुशियों की एक ईद’ बताते हुए कहा कि यह लोगों के सुख-शांति से रहने और अपने करीबियों से मिलने का अच्छा त्योहार है। खरगे ने इस अवसर पर देश के सभी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी अपने एक बयान में कह चुके हैं कि ‘नफरत फैलाना हिंदुत्व है’। अब खरगे के बयान को लेकर भी राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

खरगे के बयान पर भाजपा ने पलटवार करते हुए इसे सनातन विरोधी मानसिकता और तुष्टिकरण की राजनीति से जोड़ दिया है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने खरगे और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दीपावली के मौके पर भी कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति को चुना। कांग्रेस अध्यक्ष ने दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ बताया।

प्रदीप भंडारी ने अपने बयान में सोनिया गांधी और बाबरी मस्जिद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब सनातन धर्म को डेंगू, मलेरिया और एड्स कहा गया था, तब कांग्रेस चुप रही। भंडारी ने आरोप लगाया कि गांधी-वाड्रा परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस की नीति सनातन और हिंदू विरोधी रही है।