Bank Holiday November 2026: नई दिल्ली: नवंबर का महीना त्योहारों और छुट्टियों के लिहाज से काफी खास रहने वाला है। दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और अन्य त्योहारों के चलते देश के अलग-अलग राज्यों में कई दिनों तक बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में अगर आपको बैंक में चेक जमा करना है, पैसे निकालने हैं या किसी जरूरी काम के लिए शाखा जाना है, तो पहले छुट्टियों की सूची जरूर देख लें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नवंबर 2026 के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, इस महीने कई तारीखों पर अलग-अलग राज्यों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

8 से 11 नवंबर तक कहां-कहां बंद रहेंगे बैंक?

नवंबर के दूसरे सप्ताह में त्योहारों और साप्ताहिक अवकाश के कारण कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, सभी राज्यों में एक जैसी छुट्टी नहीं होगी। RBI के कैलेंडर के अनुसार छुट्टियों का विवरण इस प्रकार है।

  • 8 नवंबर, रविवार: देशभर में साप्ताहिक अवकाश के चलते सभी बैंक बंद रहेंगे।
  • 9 नवंबर, सोमवार: त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, सिक्किम, मणिपुर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में दिवाली, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे।
  • 10 नवंबर, मंगलवार: गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तराखंड और सिक्किम में दिवाली, बलि प्रतिपदा, गोवर्धन पूजा और विक्रम संवत नववर्ष के चलते बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी।
  • 11 नवंबर, बुधवार: सिक्किम, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश में लक्ष्मी पूजा, निंगोल चक्कौबा, भाई दूज, भ्रातृ द्वितीया और चित्रगुप्त जयंती के कारण बैंक बंद रहेंगे।

नवंबर 2026 में बैंक छुट्टियों की पूरी लिस्ट

RBI के नवंबर 2026 के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, महीने में अलग-अलग तारीखों पर राज्यों के अनुसार बैंक बंद रहेंगे। छुट्टियों की पूरी सूची इस प्रकार है।

तारीख कहां-कहां होगी छुट्टी
8 नवंबर पूरे देश में (रविवार)
9 नवंबर त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, सिक्किम, मणिपुर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़
10 नवंबर गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तराखंड और सिक्किम
11 नवंबर सिक्किम, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश
13 नवंबर मेघालय
14 नवंबर पूरे देश में (दूसरा शनिवार)
15 नवंबर पूरे देश में (रविवार)
16 नवंबर बिहार और झारखंड
20 नवंबर उत्तराखंड
22 नवंबर पूरे देश में (रविवार)
23 नवंबर मेघालय
24 नवंबर मिजोरम, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, नई दिल्ली, छत्तीसगढ़, झारखंड और हिमाचल प्रदेश
27 नवंबर कर्नाटक
28 नवंबर पूरे देश में (चौथा शनिवार)
29 नवंबर पूरे देश में (रविवार)

बैंक बंद रहने पर कैसे निपटाएं जरूरी काम?

बैंक की शाखाएं बंद रहने का मतलब यह नहीं है कि ग्राहकों को पैसों के लेनदेन में परेशानी होगी। छुट्टियों के दौरान भी ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI के जरिए पैसों का लेनदेन किया जा सकता है। इसके अलावा ATM से नकदी निकालने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

हालांकि, चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट बनवाने और बैंक शाखा से जुड़े अन्य जरूरी कामों के लिए ग्राहकों को छुट्टियां खत्म होने का इंतजार करना पड़ सकता है। इसलिए बैंक जाने से पहले अपने राज्य की छुट्टियों की सूची जरूर जांच लें।