पटियाला: पंजाब के पटियाला में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। राजपुरा रेलवे स्टेशन के पास सराय बंजारा गांव के नजदीक अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और डिब्बों से निकलता धुआं देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कई यात्री सामान छोड़कर ट्रेन से नीचे उतर आए।
रेलवे प्रशासन को घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया। शुरुआती जानकारी में कुछ यात्रियों के घायल होने की खबर सामने आई थी, हालांकि नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने किसी के हताहत होने से इनकार किया है।
सेफ्टी सिस्टम एक्टिवेट होने पर सुरक्षित रुकी ट्रेन
नॉर्दर्न रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सेफ्टी सिस्टम एक्टिवेट होने के बाद ट्रेन सुरक्षित रूप से रुक गई। घटना के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल आग बुझाने का काम जारी है। रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अभी तक किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
इंजन से पांचवें डिब्बे में लगी आग
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलती है। ट्रेन के इंजन से पांचवें डिब्बे में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद आग ने आसपास के डिब्बों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते चार डिब्बों में आग फैल गई। घटना के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, अभी तक रेलवे की ओर से आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
राजपुरा से करीब 15 किलोमीटर दूर हुई घटना
सूत्रों के अनुसार, अमृतसर से रवाना हुई कर्मभूमि एक्सप्रेस बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास आग की चपेट में आई। यह स्थान एक गांव के नजदीक और राजपुरा से लगभग 15 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और आपातकालीन कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
