IPS Anurag Sujania Resignation: भोपाल: मध्यप्रदेश में आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया के इस्तीफे से प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। सागर के पुलिस अधीक्षक पद से हटाए गए 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया ने इस्तीफा दे दिया है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए त्यागपत्र दिया है। इस घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शाम 6 बजे पुलिस मुख्यालय पहुंचेंगे।
बता दें कि पुलिस मुख्यालय में सभी अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। एक आईपीएस अधिकारी के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद राज्य सरकार भी प्रशासनिक स्तर पर सक्रिय हो गई है।
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं अनुराग सुजानिया
अनुराग सुजानिया 2014 बैच के मध्यप्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले अनुराग सुजानिया सागर और मुरैना में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके मुरैना कार्यकाल के दौरान वर्ष 2021 में जहरीली शराब कांड हुआ था, जिसमें 24 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
सागर शराब कांड के बाद आए थे चर्चा में
अनुराग सुजानिया सागर में हुए जहरीली शराब कांड के बाद भी चर्चा में आए थे। दरअसल, इसी साल सितंबर में जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। विपक्ष ने भी इस मामले को लेकर सरकार को घेरा था।
सागर SP पद से हटाए गए थे अनुराग सुजानिया
बता दें कि 27 अक्टूबर को जारी तबादला आदेश में राज्य सरकार ने अनुराग सुजानिया को सागर एसपी के पद से हटाकर भोपाल पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) पदस्थ किया था। उनकी जगह 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी संजीव कुमार सिन्हा को सागर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया था। इसी प्रशासनिक बदलाव के दौरान सागर की कलेक्टर प्रतिभा पाल का भी तबादला किया गया था।
अब अनुराग सुजानिया के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुलिस मुख्यालय पहुंचना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सभी अधिकारियों को मुख्यालय में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
