Indore RSS Meeting: इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक जारी है। डेली कॉलेज के संत रविदास सभागार में आयोजित इस बैठक का शुभारंभ सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने किया। बैठक में संघ की कार्यप्रणाली को समय के अनुसार आधुनिक बनाने, महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने और सोशल मीडिया व अनियंत्रित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंटेंट को लेकर स्पष्ट गाइडलाइन तैयार करने जैसे मुद्दों पर मंथन किया जा रहा है।
बैठक के एजेंडे में संगठन के विस्तार और कार्यशैली में बदलाव को प्रमुखता दी गई है। संघ में महिलाओं की भागीदारी को अधिक प्रभावी बनाने और उनकी भूमिका तय करने पर विशेष चर्चा हो रही है।
इसके साथ ही शताब्दी वर्ष के आयोजनों की समीक्षा और देश-विदेश में संघ की शाखाओं का विस्तार करने की रणनीति पर भी विचार किया जा रहा है। वर्तमान में देशभर में 13 हजार से अधिक नई शाखाओं के विस्तार और लगभग 65 हजार से अधिक हिंदू सम्मेलनों के आयोजन को संगठन की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
सोशल मीडिया और AI कंटेंट पर बनेगी सख्त गाइडलाइन
डिजिटल युग की चुनौतियों को देखते हुए बैठक में सोशल मीडिया और तकनीक के इस्तेमाल को लेकर भी व्यापक चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले कंटेंट के लिए स्पष्ट और सख्त गाइडलाइन तैयार करने पर विचार किया जा रहा है। वहीं, अनियंत्रित और भ्रामक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंटेंट से निपटने के उपायों पर भी मंथन किया जा रहा है। इसके अलावा संगठन की नई कार्यप्रणाली और डिजिटल सुरक्षा को मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
विजयादशमी तक देशव्यापी नशा मुक्ति अभियान की तैयारी
बैठक में सामाजिक मुद्दों को लेकर भी आगामी रणनीति तैयार की जा रही है। युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विजयादशमी तक देशव्यापी नशा मुक्ति अभियान चलाने की तैयारी है। इस अभियान के माध्यम से देशभर में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।
बैठक के अंतिम दिन प्रस्तावों पर लगेगी मुहर
तीन दिवसीय बैठक के अंतिम दिन संगठनात्मक बदलावों, नई कार्यप्रणाली और विभिन्न प्रस्तावों पर औपचारिक निर्णय लिए जाएंगे। माना जा रहा है कि इन फैसलों के जरिए संघ अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के साथ बदलते डिजिटल दौर की चुनौतियों से निपटने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
