भोपाल: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की दूसरी मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे करीब 76 वर्ष की थीं और पिछले एक सप्ताह से एम्स में भर्ती थीं। उन्हें सांस संबंधी बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था। परिजनों के मुताबिक, स्वर्गीय काशीबाई का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर 3 बजे उनके पैतृक गांव जैत, जिला सीहोर में किया जाएगा।
काशीबाई के निधन की खबर मिलने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। उन्हें शुक्रवार को रायसेन में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होना था, लेकिन मां के निधन के चलते अब वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। इसके अलावा उनके आगे के सभी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।
बचपन में मां को खो दिया था, पिता ने की थी दूसरी शादी
शिवराज सिंह चौहान की पहली मां का नाम सुंदरबाई था। बचपन में ही उनका निधन हो गया था। इसके बाद बच्चों की देखभाल और लालन-पालन के लिए उनके पिता प्रेम सिंह चौहान ने काशीबाई से दूसरी शादी की थी। काशीबाई ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली और बच्चों का पालन-पोषण किया।
चार भाई-बहन हैं शिवराज सिंह चौहान
शिवराज सिंह चौहान के चार भाई-बहन हैं। इनमें नरेंद्र सिंह चौहान, शशि और रोहित सिंह चौहान शामिल हैं। वहीं, काशीबाई के एक बेटे वरुण सिंह चौहान हैं, जो पेशे से वकील हैं।
एक सप्ताह से भोपाल एम्स में चल रहा था उपचार
काशीबाई भोपाल के साकेत नगर में निवासरत थीं। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। सांस संबंधी परेशानी बढ़ने के बाद उन्हें भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया था। यहां करीब एक सप्ताह तक उनका उपचार चला, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका और शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया।
