SBI Credit Card New Rules: अगर आप भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो 1 दिसंबर 2026 से आपको कुछ फ्यूल और ट्रांसपोर्ट ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है। SBI कार्ड ने 27 अक्टूबर 2026 को जारी नोटिस में नए नियमों की जानकारी दी है। इसका असर खासतौर पर उन ग्राहकों पर पड़ेगा, जो क्रेडिट कार्ड से अधिक रकम का ट्रांसपोर्ट भुगतान करते हैं या एक बिलिंग साइकिल में पेट्रोल-डीजल पर ज्यादा खर्च करते हैं।

30,000 रुपये से ज्यादा के ट्रांसपोर्ट पेमेंट पर 1% फीस

SBI कार्ड के नए नियमों के अनुसार, 1 दिसंबर से 30,000 रुपये से ज्यादा के प्रत्येक पात्र ट्रांसपोर्ट ट्रांजैक्शन पर 1% फीस लगेगी। इसमें MCC 4111, 4784 और 4131 के तहत आने वाले ट्रांजैक्शन शामिल हैं। उदाहरण के तौर पर, यदि कोई ग्राहक अपने SBI क्रेडिट कार्ड से 35,000 रुपये का पात्र ट्रांसपोर्ट भुगतान करता है, तो उसे 350 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। यह फीस भुगतान की रकम के अलावा बिल में जुड़ सकती है।

50,000 रुपये से ज्यादा के फ्यूल खर्च पर शुल्क

फ्यूल ट्रांजैक्शन के नियमों में भी बदलाव किया गया है। 1 दिसंबर से यदि किसी SBI क्रेडिट कार्डधारक का एक बिलिंग साइकिल में पात्र फ्यूल ट्रांजैक्शन पर कुल खर्च 50,000 रुपये से अधिक हो जाता है, तो पूरे पात्र फ्यूल खर्च पर 1% फीस लगेगी। इसमें MCC 5172, 5541, 5542 और 5983 के तहत पहचाने जाने वाले ट्रांजैक्शन शामिल हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि शुल्क केवल 50,000 रुपये से ऊपर की रकम पर नहीं, बल्कि पूरे पात्र फ्यूल खर्च पर लगेगा।

उदाहरण के लिए, यदि किसी ग्राहक का एक बिलिंग साइकिल में पात्र फ्यूल खर्च 60,000 रुपये है, तो उसे 1% के हिसाब से 600 रुपये अतिरिक्त फीस देनी होगी।

क्रेडिट कार्ड यूजर्स किन बातों का रखें ध्यान?

नए नियम लागू होने के बाद ग्राहकों को अपने ट्रांसपोर्ट भुगतान और बिलिंग साइकिल के दौरान होने वाले कुल फ्यूल खर्च पर नजर रखनी होगी। शुल्क लागू होना संबंधित ट्रांजैक्शन की श्रेणी और SBI कार्ड की शर्तों पर निर्भर करेगा। ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि 1 दिसंबर 2026 से पहले SBI कार्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नए नियमों और लागू शुल्क की पूरी जानकारी जांच लें।