नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) आज देशभर में खरगे की टिप्पणी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। वहीं, पटना में खरगे के खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

दरअसल, बिहार की राजधानी पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर टिप्पणी की थी। कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति की ओर से पीएम मोदी के जाने को लेकर टिप्पणी किए जाने पर खरगे ने जवाब देते हुए कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’ उनके इस बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष को घेरना शुरू कर दिया।

देशभर में प्रदर्शन करेगी बीजेपी

खरगे के बयान के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ता देशभर में सड़कों पर उतर रहे हैं। पार्टी की ओर से सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने की योजना बनाई गई है। बीजेपी का कहना है कि राजनीतिक मतभेदों को व्यक्तिगत अपमान का रूप नहीं दिया जाना चाहिए। पार्टी ने खरगे से अपने बयान के लिए बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है।

पटना में विरोध मार्च और पुतला दहन

बिहार की राजधानी पटना में भी बीजेपी विरोध प्रदर्शन कर रही है। पार्टी की ओर से प्रदेश कार्यालय से आयकर गोलंबर तक विरोध मार्च निकालने और पुतला दहन करने की योजना है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं को अपनी भाषा और राजनीतिक मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

बीजेपी ने खरगे की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि इस तरह की भाषा राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है और इसे कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन का संकेत बताया। बीजेपी ने कांग्रेस की राजनीतिक शैली पर भी सवाल उठाए हैं।

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने दी प्रतिक्रिया

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश की जनता इस तरह की अशोभनीय राजनीति को करीब से देख रही है और समय आने पर इसका उचित जवाब देगी। बीजेपी नेताओं ने भी कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी की आलोचना करते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

खरगे के खिलाफ पटना में शिकायत दर्ज

इस राजनीतिक विवाद के बीच मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के एक थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। बीजेपी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर लगातार हमलावर है। अब देखना होगा कि इस विवाद पर कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी की ओर से आगे क्या प्रतिक्रिया दी जाती है।