दमोह: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के हिंडोरिया नगर में देवी विसर्जन जुलूस के दौरान मस्जिद के पास हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले में अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में देवी विसर्जन का जुलूस हिंडोरिया जामा मस्जिद के पास पहुंचता दिखाई देता है। इस दौरान अखाड़े में शामिल कुछ लोग तलवारें लहराते हुए जय श्रीराम के नारे लगाते नजर आते हैं। इसी बीच एक युवक बंदूक जैसी वस्तु से हवा में फायरिंग करता दिखाई देता है।
देवी विसर्जन जुलूस के दौरान हवाई फायरिंग
हिंडोरिया में देवी विसर्जन के दौरान पूरे नगर में जुलूस निकाला जाता है। इसकी शुरुआत मुख्य रूप से पुलिस थाने से होती है, जहां सभी देवी प्रतिमाएं एकत्रित कर उन्हें क्रमांक दिया जाता है। इसके बाद क्रमांक के आधार पर देवी प्रतिमाओं के साथ अखाड़े नगर में भ्रमण करते हैं। यह जुलूस करीब 8 से 9 घंटे तक चलता है और पुलिस थाने से शुरू होकर बस स्टैंड होते हुए मस्जिद के पास पहुंचता है।
बताया जा रहा है कि बाजार की देवी प्रतिमा क्रमांक-1 का अखाड़ा मस्जिद के पास पहुंचा, तभी कुछ लोग तलवारें लहराते हुए नारे लगाने लगे। इसी दौरान एक युवक ने हवा में फायरिंग कर दी। घटना का वीडियो अगले दिन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
थाना प्रभारी ने दी कार्रवाई की जानकारी
हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है। इस संबंध में अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
देवी विसर्जन के दौरान दो अखाड़ों में मारपीट
हिंडोरिया में देवी विसर्जन के दौरान दो अखाड़ों के बीच विवाद और मारपीट का मामला भी सामने आया था। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इस दौरान लाठी-डंडे और पत्थर भी चले थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मारपीट में करीब 5 से 6 लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी।
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
देवी विसर्जन के दौरान मारपीट और मस्जिद के पास हवाई फायरिंग की घटनाओं के सामने आने के बाद हिंडोरिया में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, नगर में देवी विसर्जन के दौरान अलग-अलग अखाड़ों के बीच पहले भी विवाद की स्थिति बनती रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद विवाद की स्थिति कैसे बनी और इसे समय रहते क्यों नहीं रोका जा सका। फिलहाल, हवाई फायरिंग के मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
