भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार के विमानन बेड़े में जल्द ही अत्याधुनिक एयरबस ACH160 हेलीकॉप्टर शामिल होने जा रहा है। करीब 225 करोड़ रुपये की लागत वाले इस वीआईपी हेलीकॉप्टर की डिलीवरी नवंबर के अंत तक होने की संभावना है। हालांकि, इसकी आधिकारिक तारीख अभी तय नहीं हुई है। मुख्यमंत्री और वीवीआईपी दौरों के लिए तैयार किए जा रहे इस हेलीकॉप्टर की खासियत इसकी आधुनिक तकनीक, क्षमता और विशेष इंटीरियर है।

हेलीकॉप्टर के पुर्जे फ्रांस से समुद्री मार्ग के जरिए मुंबई पोर्ट तक लाए जाने की योजना है। इसके बाद भारत में इन्हें असेंबल कर हेलीकॉप्टर तैयार किया जाएगा। तकनीकी जांच और फ्लाइट टेस्ट के बाद इसे भोपाल लाया जाएगा। विमानन विभाग इसकी डिलीवरी की तैयारियों में जुटा है।

दो पायलटों ने फ्रांस में ली ट्रेनिंग

नए हेलीकॉप्टर के संचालन के लिए मध्य प्रदेश सरकार के दो पायलट आदर्श राय और संजय श्रीवास्तव फ्रांस में विशेष प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं। दोनों पायलट हेलीकॉप्टर की डिलीवरी से जुड़ी प्रक्रिया में भी शामिल रहेंगे।

9 यात्रियों के बैठने की क्षमता

एयरबस ACH160 में दो क्रू मेंबर के अलावा नौ यात्री बैठ सकेंगे। इसकी टेकऑफ भार क्षमता 6,050 किलोग्राम और स्लिंग लोड क्षमता 1,600 किलोग्राम बताई गई है। इसके मुकाबले वर्ष 2011 में खरीदे गए EC155 B1 हेलीकॉप्टर में दो क्रू मेंबर के साथ छह यात्री बैठ सकते हैं। नए हेलीकॉप्टर को आधुनिक सुविधाओं और वीआईपी यात्राओं के अनुकूल इंटीरियर के साथ तैयार कराया जा रहा है।

टैक्स और इंटीरियर समेत 225 करोड़ रुपये लागत

हेलीकॉप्टर की मूल कीमत करीब 125 करोड़ रुपये बताई गई है। इस पर टैक्स और अन्य शुल्क के रूप में लगभग 78.75 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं, विशेष इंटीरियर और डिजाइन पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी है। इन खर्चों को मिलाकर हेलीकॉप्टर की कुल लागत करीब 225 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। नया हेलीकॉप्टर मिलने से मुख्यमंत्री की सरकारी यात्राओं और राज्य में वीवीआईपी दौरों के लिए आधुनिक विमानन सुविधा उपलब्ध होगी।